मुंबई वार्ता संवाददाता

दहिसर की 40 वर्षीय एक महिला ने एक व्यक्ति के खिलाफ यौन संबंध बनाने का दबाव डालने, पीछा करने और बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर दहिसर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, पीछा करने, धमकी देने और मानहानि से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।


पीड़िता एक सहकारी पतपेढ़ी (क्रेडिट सोसायटी) में कार्यरत है और वसूली का काम करती है। काम के सिलसिले में उसे अक्सर दहिसर सब्जी मंडी और बोरिवली आरटीओ क्षेत्र में जाना पड़ता है। उसके पति टेंपो चालक हैं।
शिकायत के अनुसार, अप्रैल 2026 में दहिसर सब्जी मंडी क्षेत्र में काम के दौरान आरोपी ने उसे रोका और आरोप लगाया कि उसके नाम पर दो ऑटो रिक्शा परमिट हैं। आरोपी ने महिला से शाम को अकेले मिलने की मांग की और कहा कि यदि वह नहीं मिली तो उसके दोहरे परमिट से संबंधित खबर स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित करवा देगा।
महिला ने आरोपी की मांग ठुकरा दी। इसके बाद 27 अप्रैल को स्थानीय समाचार पत्र में उसके दो ऑटो परमिट से संबंधित खबर प्रकाशित हुई। इसके बावजूद महिला आरोपी से मिलने नहीं गई, लेकिन आरोपी लगातार उसके कार्यस्थलों पर पहुंचकर उसका पीछा करता रहा।
लगातार बढ़ती प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने 19 मई को बोरिवली आरटीओ क्षेत्र के पास हुई घटना के संबंध में एमएचबी कॉलोनी पुलिस थाने में गैर-संज्ञेय शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए दहिसर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


