श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें भाजपा के एक पदाधिकारी पर शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ कथित तौर पर यौन शोषण और लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है, जबकि आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता एक बार डांसर है। उसकी शिकायत के मुताबिक, दहिसर-बोरिवली क्षेत्र में भाजपा मंडल के महामंत्री सूरज देवड़ा ने स्वयं विवाहित होने के बावजूद खुद को अविवाहित बताकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं। आरोप है कि उन्होंने युवती से शादी करने का वादा किया और एक प्रतिष्ठित कंपनी में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उसका विश्वास जीता।
शिकायत में कहा गया है कि विश्वास हासिल करने के बाद आरोपी ने विभिन्न कारणों का हवाला देकर पीड़िता से करीब 15 लाख रुपये ले लिए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने एक बार में उस पर 50 हजार रुपये के नोट उड़ाए थे।
युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसके कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और उसके बाद उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता का दावा है कि होश में आने पर उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने इस घटना का वीडियो भी बनाया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने अपने दो सहयोगियों को भी उसका शोषण करने के लिए उकसाया। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। डर और दबाव के कारण वह लंबे समय तक चुप रही, लेकिन बाद में उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती के निर्देश पर जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। विशेष टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
इस मामले ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है। हालांकि, पुलिस जांच अभी जारी है और मामले में दर्ज आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


