मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मुंबई में अवैध फेरीवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए अपने व्हाट्सऐप चैटबॉट में नई सुविधा शुरू की है। अब नागरिक 8999-22-8999 नंबर पर व्हाट्सऐप के माध्यम से अवैध पथविक्रय (हॉकिंग) से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। यह सुविधा मुंबई उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में शुरू की गई है।


महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे के निर्देश और अतिरिक्त आयुक्त (पश्चिम उपनगर) डॉ. विपिन शर्मा के मार्गदर्शन में नागरिकों की शिकायतों के निवारण के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में अवैध फेरीवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने का अलग विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
बीएमसी के अनुसार, नागरिक सड़क, गड्ढों और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतें पहले से ही हेल्पलाइन 1916, सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप चैटबॉट के माध्यम से दर्ज कराते रहे हैं। विभिन्न विभागों की शिकायतों के लिए अलग-अलग प्रणालियों के उपयोग की आवश्यकता को देखते हुए इस वर्ष ‘माय बीएमसी मार्ग’ (Management and Redressal of Grievances – MARG) नामक एकीकृत शिकायत प्रबंधन प्रणाली विकसित की गई है।
उच्च न्यायालय ने विशेष रूप से अवैध फेरीवालों से संबंधित शिकायतों के लिए व्हाट्सऐप नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके तहत 8999-22-8999 नंबर पर संचालित चैटबॉट में इस संबंध में अलग विकल्प जोड़ा गया है।
मराठी भाषा में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया:
नमस्कार → मराठी → नागरिक → नागरी सेवा → तक्रार निवारण → तक्रार सबमिट करा → तक्रार प्रकार → फेरीवाले → बेकायदेशीर फेरीवाल्यांचा उपद्रव → ठिकाण → थेट छायाचित्र
अंग्रेजी भाषा में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया:
Hi → English → Citizen → Civic Services → Grievance Redressal → Submit a Complaint → Complaint Type → Hawker → Nuisance of Illegal Hawking → Location → Image (Live Photo)
बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध फेरीवालों से संबंधित शिकायतें सीधे व्हाट्सऐप चैटबॉट के माध्यम से दर्ज कर इस व्यवस्था का अधिक से अधिक उपयोग करें।


