श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

विलेपार्ले पूर्व स्थित स्टेशन रोड पर बुधवार शाम एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस उपायुक्त निमित गोयल ने दी है।


पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच एमएच-01-डीएक्स-9125 नंबर की इलेक्ट्रिक कार के चालक विलास श्रीधर गव्हाणकर (44) ने वी.एस. खांडेकर रोड और स्टेशन रोड, विले पार्ले पूर्व स्थित मोगीबाई मार्केट के पास लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए सड़क पर खड़े तीन दोपहिया वाहन चालकों को पीछे से टक्कर मार दी।


इस हादसे में किंजल हिरेन शाह (41) की मौके पर गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। वहीं निर्मला डोजिया और प्रेमजी डोजिया घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए गावडे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में विले पार्ले पुलिस थाने में लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


