श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के सर जे.जे. मार्ग पुलिस थाने की टीम ने मोबाइल चोरी की वारदातों में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर पांच मामलों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल छह स्मार्टफोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अहमद जाफर शेख उर्फ अहमद पाया के रूप में हुई है। इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस उपायुक्त मनीष केलवेनिया ने दी है।


पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को पुलिस उपनिरीक्षक सैफन कुरणे अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर छिपने की कोशिश करता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पंचों की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से चार मोबाइल फोन बरामद हुए।


पुलिस रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि इनमें से एक मोबाइल सर जे.जे. मार्ग पुलिस थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 451/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज चोरी के मामले का था।
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तारी के बाद उसके बयान और पंचनामे के आधार पर दो और मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी ने नागपाड़ा, पायधुनी, एल.टी. मार्ग और भोईवाड़ा पुलिस थाना क्षेत्रों में भी मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
■ उजागर हुए मामले
● सर जे.जे. मार्ग पुलिस थाना – अपराध क्रमांक 451/2026
● नागपाड़ा पुलिस थाना – अपराध क्रमांक 355/2026
● पायधुनी पुलिस थाना – अपराध क्रमांक 732/2026
● एल.टी. मार्ग पुलिस थाना – अपराध क्रमांक 830/2026
● भोईवाड़ा पुलिस थाना – अपराध क्रमांक 247/2026
इन सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज हैं।
■ जांच दल
इस कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक सैफन कुरणे के नेतृत्व में पुलिस हवलदार शिंदे, जाधव, पुलिस शिपाई बोडके, भोळे, काळे, धात्रक तथा तकनीकी सहायता के लिए पुलिस हेड कांस्टेबल सचिन पाटील ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल था या नहीं।


