■ शिक्षा मंत्री दादा भुसे के इस्तीफे की मांग को लेकर विधानसभा के सामने युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
मुंबई वार्ता संवाददाता

टीईटी पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है। लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने भाजपा महायुति सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवराज मोरे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन किया और शिक्षा मंत्री दादा भुसे के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया।


रविवार को आयोजित होने वाली टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र शनिवार को ठाणे में लीक हो जाने के कारण परीक्षा रद्द करनी पड़ी, जिससे लाखों परीक्षार्थियों का नुकसान हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली महायुति सरकार एक भी परीक्षा पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने में विफल रही है। लगातार पेपर लीक की घटनाओं से ईमानदार और मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। पिछले महीने नीट परीक्षा का पेपर लीक होने पर पूरे देश में भारी आक्रोश देखने को मिला था और अब टीईटी पेपर लीक ने भी छात्रों में व्यापक नाराज़गी पैदा कर दी है।कांग्रेस ने इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाते हुए भाजपा सरकार को लगातार घेरना शुरू कर दिया है।


सोमवार रात सागर सालुंखे के नेतृत्व में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने शिक्षा मंत्री दादा भुसे की गाड़ी रोककर उन्हें काले झंडे दिखाए थे। इससे पहले रविवार को मुंबई युवा कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री दादा भुसे के सरकारी आवास का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया गया था। अब एक बार फिर युवा कांग्रेस ने विधानसभा के सामने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि जब तक शिक्षा मंत्री दादा भुसे से इस्तीफा नहीं लिया जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।


