मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में गुणवत्तापूर्ण और राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पांच नई CBSE संबद्ध ‘मुंबई पब्लिक स्कूल’ शुरू करने का फैसला किया है। इन स्कूलों में नर्सरी से कक्षा पहली तक प्रवेश प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन 1 से 12 जुलाई तक केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।


नई CBSE स्कूल मालाड (पश्चिम), मालाड (पूर्व), सांताक्रूज (पूर्व), कांदिवली (पूर्व) और ग्रांट रोड (पश्चिम) में शुरू की जा रही हैं। इनमें मुंबई पब्लिक स्कूल-लिबर्टी गार्डन (मालाड पश्चिम), गोविंद नगर (मालाड पूर्व), वाकोला (सांताक्रूज पूर्व), ठाकुर विलेज (कांदिवली पूर्व) और जगन्नाथ शंकरसेठ (ग्रांट रोड पश्चिम) शामिल हैं।
BMC ने बताया कि इन स्कूलों में नर्सरी, जूनियर केजी, सीनियर केजी और पहली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। सभी छात्रों को पूरी तरह निशुल्क CBSE शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को भी निजी स्कूलों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
महानगरपालिका फिलहाल मराठी, हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, गुजराती, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ सहित आठ भाषाओं में शिक्षा प्रदान करती है। BMC के तहत 1,118 प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूल, 3.10 लाख से अधिक विद्यार्थी और 8,630 शिक्षक कार्यरत हैं। वर्ष 2020-21 से अब तक 19 CBSE स्कूल शुरू किए जा चुके हैं और अब पांच नई स्कूलों के जुड़ने से यह पहल और मजबूत होगी।
■ ऐसे करें आवेदन
अभिभावक 1 से 12 जुलाई 2026 के बीच BMC की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन भरने में किसी प्रकार की परेशानी होने पर संबंधित स्कूल के हेल्प सेंटर से भी सहायता ली जा सकती है।


