मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के खंडणी विरोधी कक्ष (एंटी एक्सटॉर्शन सेल) ने शहर में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी परराज्य से मुंबई में विदेशी निर्मित अवैध पिस्तौल बेचने के लिए आए थे।


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध हथियारों की बिक्री के उद्देश्य से कल्याण स्ट्रीट, वाड़ी बंदर स्थित पी. डी. मेलो रोड के पास आने वाले हैं। सूचना के आधार पर 30 जून की सुबह करीब 6 बजे पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2 विदेशी निर्मित पिस्तौल, 2 मैगजीन तथा कुल 40 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी इन हथियारों को अवैध रूप से बेचने की फिराक में थे।गिरफ्तार आरोपियों में एक की उम्र 36 वर्ष और दूसरे की 23 वर्ष बताई गई है। दोनों के खिलाफ डोंगरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आयुक्त के आदेशों का उल्लंघन करने सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।मुंबई पुलिस की अपराध शाखा अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे, इन्हें किसे बेचा जाना था और इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं।मुंबई पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के जरिए शहर में अवैध हथियारों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। मामले की आगे की जांच अपराध शाखा के खंडणी विरोधी कक्ष द्वारा की जा रही है।
सह पुलिस आयुक्त(अपराध) अनिल कुंभारे , अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय,पुलिस उपायुक्त राज तिलक रौशन के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई खंडणी विरोधी विभाग के प्रभारी पुलिस निरीक्षक संजय तरणगट्टी की टीम ने की है।


