मुंबई वार्ता/शिव पूजन पांडेय

क्षेत्र के युवाओं के कौशल विकास और निराश्रित बच्चों के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय युवा पुरस्कार समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित और भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता डॉ. योगेश दुबे ने सुरियावां और कुसौड़ा क्षेत्र के विकास के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।


घनश्याम दुबे महाविद्यालय सेवाश्रम महाविद्यालय के आस-पास की सभी दुकानों को तत्काल प्रभाव से खाली कराकर वहाँ एक आधुनिक छात्रावास (Hostel) और युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर (Skill Development Center) स्व रोजगार केंद्र का निर्माण करने का प्रस्ताव दिया है l वे इस बाबत स्थानीय जनप्रतिनिधियों से और विद्यालय प्रबंध समिति से सहयोग देने के लिए बात करेंगे । उल्लेखनीय है कि प्रस्तावित क्षेत्र पर पहले से दुकानें स्थापित हैं जिसका इंफ्रास्ट्रक्चर तत्काल शैक्षणिक प्रयोग में लाया जा सकता है ।


डॉ दुबे ने कहा कि दुकानों को खाली करवाने के लिए नियमपूर्वक कानूनी नोटिस देंगे ,किरायेदारों की संयुक्त बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों की आवश्यकता पर ज़ोर देंगे ,और आवश्यकता पड़ने पर राज्य सरकार और जिला प्रशासन का सहयोग लेंगे ।क्षेत्र में लंबे समय से एक छात्रवास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। दूर-दराज के क्षेत्रों से सेवाश्रम इंटर कॉलेज आने वाले छात्रों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
डॉ. योगेश दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं के विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि “स्किल डेवलपमेंट ही भारत का भविष्य है।” इस केंद्र के बनने से सुरियावां के युवाओं को सीधे लाभ मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे डॉ. योगेश दुबे ने अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एक और बड़ी घोषणा की। उनके माता-पिता (स्व.घनश्याम दुबे एवं पूज्य माता श्रीमती हीरा देवी) द्वारा बनवाए गए ‘हीरा देवी पैलेस’ (कुसौड़ा, सुरियावां) को अब बच्चों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया जाएगा । इस संपत्ति पर भदोही जिले का पहला अत्याधुनिक ‘चिल्ड्रन होम’ (Children Home) बनाया जाएगा।डॉ. दुबे ने कहा कि भदोही जिले में फिलहाल एक भी स्तरीय चिल्ड्रन होम नहीं है, जिसके कारण निराश्रित बच्चे कठिन परिस्थितियों में है। इस चिल्ड्रन होम में ५ वर्ष से लेकर १८ वर्ष तक के बच्चों को सुरक्षित माहौल और छत मिलेगी। यहाँ उनके लिए रहने की उत्तम व्यवस्था, पौष्टिक भोजन और प्रारंभिक शिक्षा का पूरा प्रबंध किया जाएगा ।
डॉ. दुबे इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए जल्द ही जिलाधिकारी (DM भदोही) प्रमुख सचिव महिला और बाल विकास मंत्रालय से मुलाकात कर विस्तृत बातचीत करेंगे।डॉ. योगेश दुबे पूर्व में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए कई उत्कृष्ट और अनुकरणीय कार्य कर चुके हैं। इस नई घोषणा से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को एक नई और सकारात्मक दिशा मिलेगी।


