श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

दक्षिण मुंबई स्थित ताज होटल में आयोजित एक भव्य समारोह में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े राजनयिकों, पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।


अपने संबोधन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने किसानों की बिगड़ती आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश के अन्नदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और सकारात्मक कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए सरकार और समाज को मिलकर प्रयास करने चाहिए।


कार्यक्रम के आयोजक एवं भारत एक्सप्रेस न्यूज चैनल के मालिक उपेंद्र राय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुंबई में भारी बारिश और रेड अलर्ट के बावजूद बड़ी संख्या में पत्रकारों, राजनयिकों और अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि वे अपने दायित्वों और ऐसे आयोजनों के प्रति कितने संवेदनशील और प्रतिबद्ध हैं।


कार्यक्रम का संचालन सिद्धिविनायक मंदिर के खजांची एवं मुंबई भाजपा के महासचिव आचार्य पवन त्रिपाठी ने किया। समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल, विधायक राजहंस सिंह, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मुंबई पुलिस (आरटीओ) के सह आयुक्त सत्यनारायण चौधरी, भाजपा नगर सेवक डॉ. नीतेश राजहंस सिंह, भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा (मुंबई) के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा सहित बड़ी संख्या में राजनयिक, पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के समापन के बाद सभी अतिथियों ने रात्रिभोज में भी भाग लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


