मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने सोने की तस्करी के एक बड़े प्रयास का भंडाफोड़ करते हुए दुबई से आई एक महिला यात्री को करीब 4 किलोग्राम सोने के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।


डीआरआई अधिकारियों को पहले से ही खुफिया सूचना मिली थी कि दुबई से आने वाली एक महिला बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी करने वाली है। सूचना के आधार पर मुंबई एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई थी। जैसे ही महिला विमान से उतरी, अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ की और उसकी तलाशी ली।
व्यक्तिगत तलाशी के दौरान अधिकारियों को महिला की पैंट के अंदर विदेशी मार्किंग वाले चार गोल्ड बार छिपे मिले। सभी गोल्ड बार जब्त कर लिए गए, जिनका कुल वजन करीब 4 किलोग्राम निकला।
डीआरआई ने पूरे सोने को जब्त कर महिला को सीमा शुल्क अधिनियम (कस्टम्स एक्ट) के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला इस तस्करी गिरोह की सक्रिय सदस्य है या केवल एक कूरियर के रूप में काम कर रही थी।
जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि यह सोना दुबई से किसने भेजा था, भारत में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे कौन-सा संगठित नेटवर्क सक्रिय है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी से जुड़े बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।


