मुंबई वार्ता संवाददाता

दक्षिण कोरिया के गिमचॉन में 10 से 12 जुलाई के बीच आयोजित वर्ल्ड तायक्वांडो चैंपियनशिप में मुंबई की जयेश ट्रेनिंग अकादमी के खिलाड़ी साईश पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का तिरंगा विश्व मंच पर गर्व से लहराया। पूमसे, फाइट (क्योरुगी) और बोर्ड ब्रेकिंग—इन तीनों स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने तीन स्वर्ण पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जयेश ट्रेनिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक मास्टर जयेश वेल्हाळ ने साईश पटेल को विशेष प्रशिक्षण देकर प्रतियोगिता के लिए तैयार किया था।


प्रतियोगिता से पहले साईश ने लगातार तीन महीनों तक प्रतिदिन दो से तीन घंटे कठोर, अनुशासित और योजनाबद्ध अभ्यास किया। उनकी अथक मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प का ही यह स्वर्णिम परिणाम बताया गया।साईश की इस सफलता के पीछे फाइट कोच यश दळवी, पूमसे कोच निशांत शिंदे तथा बोर्ड ब्रेकिंग कोच कृपेश रणक्षेत्रे का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। सभी प्रशिक्षकों के सामूहिक प्रयासों के कारण साईश ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम गौरवान्वित किया।इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मास्टर जयेश वेल्हाळ ने साईश पटेल को हार्दिक बधाई दी।


उन्होंने साईश के माता-पिता, सभी प्रशिक्षकों तथा जयेश ट्रेनिंग अकादमी की पूरी टीम के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देकर भारत के लिए अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने वाले खिलाड़ी तैयार करना ही अकादमी का उद्देश्य है। भविष्य में भी जयेश ट्रेनिंग अकादमी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।


