मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के बोरीवली पुलिस ने भाजपा विधायक संजय उपाध्याय का नाम और उनकी पीए (PA) होने का झूठा दावा कर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में इसी तरह की कई अन्य धोखाधड़ी के मामलों का खुलासा होने की संभावना है।


पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता तुषार मजीठिया (46) ने 7 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पाल बलदेव सिंह सेहगल (44), निवासी मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी व्हाट्सऐप कॉल के जरिए खुद को विधायक संजय उपाध्याय और उनका पीए बताकर लोगों का विश्वास जीतता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने लखनऊ विश्वविद्यालय के एक छात्र की फीस जमा कराने के नाम पर शिकायतकर्ता से संपर्क किया। उसने शिकायतकर्ता से अपने बैंक खाते में पैसे जमा कराने को कहा। इसके अलावा होटल बुकिंग और अन्य खर्चों के नाम पर भी लोगों से रकम ऐंठने की कोशिश की।
बोरीवली पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने इसी तरह की ठगी की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।


