मुंबई वार्ता संवाददाता

कल्याण शहर की ऐतिहासिक धरोहर और छत्रपति शिवाजी महाराज के पावन पदस्पर्श से जुड़े ऐतिहासिक भटाले तालाब के पुनरुद्धार, सौंदर्यीकरण और समग्र विकास के लिए 10 करोड़ रुपये का विशेष निधि मंजूर करने की मांग भाजपा भटके-विमुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नरेंद्र पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की है।


नरेंद्र पवार ने मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने भटाले तालाब के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्जीवन की आवश्यकता पर जोर दिया।


ज्ञापन में पवार ने कहा कि भटाले तालाब कल्याण के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दुर्गाड़ी किले की तलहटी में स्थित यह तालाब छत्रपति शिवाजी महाराज के ऐतिहासिक प्रवास से जुड़ा हुआ है। लेकिन समय के साथ तालाब में बड़े पैमाने पर मिट्टी भरने और अतिक्रमण के कारण उसका मूल स्वरूप लगभग समाप्त हो गया है। स्थिति यह है कि आज तालाब का वास्तविक अस्तित्व ही तलाशना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि तालाब क्षेत्र में अवैध निर्माण तेजी से बढ़े हैं तथा इसमें पशुओं का मल-मूत्र और गंदा पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे जल प्रदूषित हो चुका है और पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित हो रहा है।
नरेंद्र पवार ने मुख्यमंत्री से मांग की कि ऐतिहासिक और पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण इस तालाब के संरक्षण एवं पुनरुद्धार के लिए एक व्यापक विकास योजना तैयार की जाए। साथ ही इसके सौंदर्यीकरण, संरक्षण और विकास कार्यों को तत्काल शुरू करने के लिए 10 करोड़ रुपये का विशेष निधि मंजूर किया जाए, ताकि कल्याण की इस ऐतिहासिक धरोहर को उसका गौरव पुनः प्राप्त हो सके।


