मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नागरिकों से अपील की है कि वे एहतियात के तौर पर पानी को छानकर और उबालकर ही पिएं। पिछले 3 से 4 दिनों से जलाशयों के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदियों का पानी गंदला हो गया है, जिससे मुंबई के पश्चिमी उपनगरों और शहर के कुछ इलाकों में मटमैले पानी की आपूर्ति की शिकायतें सामने आई हैं।


BMC के अनुसार, मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाले सातों जलाशयों के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश होने से नदी के पानी की गंदलापन (टर्बिडिटी) बढ़ गया है। इसके चलते कुछ इलाकों में पानी की गुणवत्ता प्रभावित हुई है।


महानगरपालिका ने बताया कि जल शुद्धिकरण केंद्रों पर पानी की गंदलापन कम करने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय किए जा रहे हैं। साथ ही पानी को सुरक्षित बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में क्लोरीन का भी उपयोग किया जा रहा है।
BMC ने नागरिकों से कहा है कि यदि उनके क्षेत्र में गंदला पानी आए तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। एहतियात के तौर पर पानी को अच्छी तरह छानकर और उबालने के बाद ही पीने व घरेलू उपयोग में लाने की सलाह दी गई है।
महानगरपालिका का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जलापूर्ति को सामान्य बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


