श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

पेपर लीक की घटनाओं, छात्रों पर कथित पुलिस बर्बरता, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमलों तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को मुंबई कांग्रेस ने दिंडोशी पुलिस थाने के बाहर जोरदार लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन किया।
यह प्रदर्शन मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष जयकांत शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।


प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जबकि अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ सख्ती की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की।


वक्ताओं ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।


प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को जवाब देना होगा और लोकतंत्र की आवाज को किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने संविधान और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन को आगे भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर सरकार ने उचित कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।


