मुंबई वार्ता संवाददाता

डोंबिवली के मानपाड़ा पुलिस स्टेशन अंतर्गत 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है और दो अन्य नाबालिगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों ने पीड़िता को काम (नौकरी) दिलाने और रहने की व्यवस्था करने का झांसा देकर इस वारदात को अंजाम दिया।भिवाड़ी स्थित बाल न्याय बोर्ड (Juvenile Justice Board) के आदेश के बाद हिरासत में लिए गए दोनों किशोरों (उम्र 16 और 17 वर्ष) को भिवंडी के ऑब्जर्वेशन होम (बाल सुधार गृह) भेज दिया गया है।


■ घर से झगड़ा कर निकली थी पीड़िता
मानपाड़ा पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार को उस समय सामने आई जब पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि उंभार्ली गांव में तीन युवकों ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया है।
पुलिस ने बताया कि पारिवारिक विवाद के बाद लड़की बुधवार शाम को अपना घर छोड़कर निकल गई थी। डोंबिवली ईस्ट के खोनी फाटा स्थित ‘ओम साईं होटल’ के पास भटकते समय उसकी मुलाकात अंगूर ठाकुर (21) और दो अन्य नाबालिगों से हुई।
■ झांसा देकर सुनसान जगह ले गए आरोपी
आरोपियों ने पीड़िता को नौकरी दिलवाने और रहने की जगह दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद वे उसे उंभार्ली गांव के एक सुनसान खुले इलाके में ले गए, जहां उन्होंने उसे डराया-धमकाया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर मानपाड़ा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है।


