श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई उच्च न्यायालय के हालिया निर्देशों के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शहर में दृश्य स्वच्छता (Visible Cleanliness) सुनिश्चित करने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहर और उपनगरों में स्थित सभी गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (GVPs) यानी बार-बार कचरा जमा होने वाले संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने सभी वार्डों के सहायक आयुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करें और बाजारों, मुख्य सड़कों, फुटपाथों, सार्वजनिक स्थलों, खाली भूखंडों, समुद्र तटों, नालों और अन्य जलस्रोतों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता सुनिश्चित करें।


फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक जाम कम करने पर जोर
आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि स्कूलों, अस्पतालों, रेलवे और मेट्रो स्टेशनों, बस स्टैंडों तथा बाजारों के आसपास फुटपाथों पर किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं। अवैध फेरीवालों, गलत तरीके से बनाए गए रैंप और अन्य अवरोधों को हटाकर फुटपाथों को पूरी तरह पैदल यात्रियों के लिए उपयोगी बनाया जाए। साथ ही, ट्रैफिक जाम के कारण बनने वाले बाधा बिंदुओं (बॉटलनेक) को भी दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
■ ‘मार्ग’ ऐप पर आने वाली शिकायतों का तत्काल निस्तारण
बीएमसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ‘मार्ग’ ऐप पर प्राप्त गड्ढों और अन्य नागरिक शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। 10 जून से 30 जुलाई 2026 के बीच ऐप पर दर्ज गड्ढों की 96 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। आयुक्त ने शेष शिकायतों का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
■ कचरा हॉटस्पॉट की डिजिटल मैपिंग और सख्त निगरानी
बीएमसी के घनकचरा प्रबंधन विभाग ने शहर के उन सभी स्थानों की पहचान कर ली है, जहां बार-बार कचरा जमा होता है। इन स्थानों को गूगल मैप पर चिन्हित कर डिजिटल सूची तैयार की गई है। प्रत्येक स्थान पर कचरे के स्रोत, संग्रहण व्यवस्था, परिवहन, मशीनरी और जनशक्ति की समीक्षा की जाएगी। स्थानीय नागरिकों, बाजार समितियों और व्यापारियों के साथ संवाद कर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे तथा सीसीटीवी निगरानी के जरिए बार-बार नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
■ नालों और समुद्र में कचरा जाने से रोकने के उपाय
बीएमसी नालों, खाड़ियों और समुद्र में प्लास्टिक तथा ठोस कचरा जाने से रोकने के लिए इंटरसेप्शन और नियंत्रण प्रणाली को और मजबूत करेगी। मानसून के दौरान सड़कों के किनारे जमा होने वाले कचरे की नियमित सफाई और तत्काल उठाव पर विशेष जोर दिया जाएगा।
■ अवैध निर्माणों पर तत्काल कार्रवाई
उच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए आयुक्त अश्विनी भिडे ने स्पष्ट किया कि केवल पुरानी कब्जेदारी, संपत्ति कर, बिजली कनेक्शन या दुकान लाइसेंस होने से कोई अवैध निर्माण वैध नहीं हो जाता। इसलिए मुंबई में सभी अवैध निर्माणों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और किसी भी स्थिति में उन्हें नियमित न किया जाए।
■ बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को मिलेगा सम्मान
बीएमसी ने यह भी निर्णय लिया है कि स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तथा सबसे अधिक दंडात्मक कार्रवाई करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
आयुक्त अश्विनी भिडे ने नागरिकों, आवासीय संघों, बाजार समितियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से कचरा फेंकने वालों की सूचना प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ मुंबई का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।


