मुंबई वार्ता संवाददाता

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस 2026 के अवसर पर महाराष्ट्र सरकार और भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने राज्य में वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया है। इस पहल का उद्देश्य देश-विदेश के पर्यटकों को महाराष्ट्र के प्रमुख टाइगर रिजर्व और वन्यजीव अभयारण्यों तक बेहतर पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में नागपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत IRCTC महाराष्ट्र के प्रमुख वन्यजीव स्थलों के लिए विशेष पर्यटन पैकेज तैयार करेगा, जिनमें रेल यात्रा, आवास, स्थानीय परिवहन, जंगल सफारी और अन्य पर्यटन सुविधाएं शामिल होंगी।
इन पैकेजों के माध्यम से पर्यटक ताडोबा-अंधारी, पेंच, नवेगांव-नागझिरा, बोर टाइगर रिजर्व समेत राज्य के अन्य वन्यजीव क्षेत्रों की यात्रा आसानी से कर सकेंगे। इससे पर्यावरण-अनुकूल (ईको-टूरिज्म) पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी पैदा होंगे।
अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र सरकार ने कुल 11 समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान किया। इनमें वन्यजीव संरक्षण, वैज्ञानिक अनुसंधान, ग्रामीण विकास, समुदाय आधारित पर्यटन और पर्यटन अवसंरचना के विकास से जुड़े समझौते शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि IRCTC के साथ यह साझेदारी राज्य में जिम्मेदार और टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम साबित होगी। इससे बाघ संरक्षण को मजबूती मिलेगी, पर्यटन का विस्तार होगा और संरक्षित वन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले समुदायों को आर्थिक लाभ भी मिलेगा।


