मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र में कक्षा 11वीं (एफवाईजेसी) प्रवेश प्रक्रिया के तहत विशेष प्रवेश दौर (स्पेशल राउंड) जारी है। शिक्षा संचालनालय ने बताया कि निर्धारित समय तक छात्र-छात्राएं अपनी पसंद (प्रेफरेंस) भरकर आवेदन को अंतिम रूप देते हुए लॉक कर सकते हैं।


विशेष राउंड के तहत सीट आवंटन की प्रक्रिया 7 अगस्त को पूरी की जाएगी। इसके बाद 8 अगस्त को सुबह 10 बजे प्रवेश आवंटन सूची आधिकारिक पोर्टल पर जारी की जाएगी। जिन छात्रों को सीट आवंटित होगी, उन्हें इसकी जानकारी एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
सीट आवंटित होने वाले विद्यार्थी 8 अगस्त सुबह 11 बजे से 10 अगस्त शाम 6 बजे तक संबंधित जूनियर कॉलेज में आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर अपना प्रवेश सुनिश्चित कर सकेंगे।
इसके बाद 11 अगस्त दोपहर 1 बजे विभिन्न जूनियर कॉलेजों में बची हुई रिक्त सीटों की जानकारी पोर्टल पर प्रकाशित की जाएगी।
शिक्षा संचालनालय ने यह भी अपील की है कि जिन विद्यार्थियों ने अन्य किसी पाठ्यक्रम में प्रवेश ले लिया है, वे अपना एफवाईजेसी आवेदन वापस ले लें, ताकि अन्य छात्रों को रिक्त सीटों का लाभ मिल सके।
प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी और अभिभावक आधिकारिक वेबसाइट mahafyjcadmissions.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 8530955564 पर संपर्क कर सहायता भी ले सकते हैं।


