‘तिरंगे का विरोध करने वालों की तिरंगा यात्रा स्वागत योग्य, देर आए दुरुस्त आए’: हर्षवर्धन सपकाल।

Date:

■ भाजपा महायुति सरकार पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का हमला; बोले- ‘फूट डालो और राज करो’ की राजनीति कर रही सरकार, जनता के मुद्दों पर पूछेंगे जवाब


मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि कभी राष्ट्रध्वज तिरंगे का विरोध करने वाले लोग आज ‘तिरंगा यात्रा’ निकाल रहे हैं तो इसका स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे ‘देर आए, दुरुस्त आए’ बताते हुए कहा कि इसके पीछे भाजपा और आरएसएस की कोई राजनीतिक चाल नहीं होनी चाहिए।


मुंबई के तिलक भवन में कांग्रेस की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य बालासाहेब थोरात, नसीम खान, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व मंत्री डॉ. नितिन राऊत, यशोमती ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन जोशी और प्रदेश महासचिव अभिजीत सपकाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।


बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ महाराष्ट्र के राजनीतिक, सामाजिक और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ। कांग्रेस ने आगे हर महीने इसी तरह कोर कमेटी की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। बैठक में SIR के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। सपकाल के अनुसार कांग्रेस अब तक 65 हजार BLA-2 नियुक्त कर चुकी है और BLA-1 की नियुक्तियां भी की गई हैं।

■ भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल: सपकाल


मीडिया से बातचीत में हर्षवर्धन सपकाल ने आरोप लगाया कि भाजपा महायुति सरकार हर स्तर पर विफल रही है और राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। महंगाई, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दे मौजूद हैं, लेकिन सरकार इन पर ध्यान नहीं दे रही है।


उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जाति और धर्म के नाम पर नफरत फैलाई जा रही है। सपकाल ने कहा कि भाजपा ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर काम कर रही है। कांग्रेस इस राजनीति को सफल नहीं होने देगी और जनता के सवालों पर सरकार से जवाब मांगने के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।

■ भाजपा का आंदोलन हास्यास्पद: सपकाल


झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर भाजपा सांसदों द्वारा संसद परिसर में किए गए प्रदर्शन पर सपकाल ने कहा कि भाजपा का यह आंदोलन हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि देश में पेपर लीक के खिलाफ युवाओं ने जब बड़े आंदोलन किए थे, तब उन पर लाठीचार्ज किया गया, पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया और सैकड़ों छात्रों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए।


सपकाल ने आरोप लगाया कि उस समय छात्राओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसदों को उसी समय छात्रों के समर्थन में आंदोलन करना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को गलत बताया है।


■ ‘राहुल गांधी भागने वाले नहीं, लड़ने वाले नेता’


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि राहुल गांधी भागने वाले नेता नहीं, बल्कि लड़ने वाले नेता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर संसद में चर्चा की मांग विपक्ष लगातार कर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह चर्चा से बच रहे हैं।


सपकाल ने कहा कि 12 वर्षों में एक भी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने वाले प्रधानमंत्री और संसद में चर्चा से बचने वाले अमित शाह ही असली ‘पलायनवादी’ नेता हैं। राहुल गांधी को भागने वाला नेता कहने वाले भाजपा सांसद अशोक चव्हाण पर भी उन्होंने निशाना साधा और कहा कि वास्तविकता का सामना करने के बजाय अशोक चव्हाण ने ही कांग्रेस छोड़कर पार्टी से ‘पलायन’ किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

बांद्रा में एमडी ड्रग्स बेचने की कोशिश नाकाम,49 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; 1015 ग्राम एमडी जब्त

श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल...