मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

बोरीवली पश्चिम के एक्सार इलाके में एमएचबी कॉलोनी पुलिस ने मादक पदार्थों की बिक्री के आरोप में 32 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा, एक हुंडई वर्ना कार और वनप्लस मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमाद अली इरफान अहमद अंसारी (32) के रूप में हुई है, जो भायखला पश्चिम का रहने वाला है। यह कार्रवाई बुधवार, 12 अगस्त 2026 को रात करीब 12:20 बजे बोरीवली पश्चिम के एक्सार स्थित रानी लक्ष्मीबाई गार्डन के पास एसके रिजॉर्ट रोड पर की गई।
एमएचबी कॉलोनी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति इलाके में गांजा बेचने के लिए पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इमाद अंसारी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 10 हजार रुपये कीमत का वनप्लस मोबाइल फोन और लगभग 7 लाख रुपये मूल्य की हुंडई वर्ना कार भी जब्त की। आरोपी को सुबह करीब 5:52 बजे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्जएमएचबी कॉलोनी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेज (NDPS) एक्ट, 1985 की धारा 8(c) और 20 के तहत मामला दर्ज किया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त संदीप घुगे (उत्तर क्षेत्र, जोन-2), एसीपी सुधाकर हुम्बे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विवेक सोनावणे और पुलिस निरीक्षक मिलिंद नागपुरे के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपनिरीक्षक संदीप वात्रे ने किया।
■ ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को हाइब्रिड गांजा कहां से मिला और वह इसे किसे बेचने वाला था। साथ ही, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।


