मुंबई वार्ता संवाददाता

कांदिवली पश्चिम के कांदिवली स्टेशन रोड स्थित अभिराई होटल के पास सोमवार तड़के आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना सोमवार सुबह 4:14 बजे बीएमसी के मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) कंट्रोल रूम को मिली। आग पर सुबह 6:07 बजे पूरी तरह काबू पा लिया गया।


जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले समीप स्थित एक अस्थायी फल की दुकान में लगी, जहां बिजली की वायरिंग, विद्युत उपकरण, लकड़ी का फर्नीचर, तिरपाल, बांस और प्लास्टिक सामग्री आग की चपेट में आ गई। इसके बाद आग तिरुपति बैंक्वेट के चौथे तल के लगभग 50 वर्ग फुट क्षेत्र तक पहुंची। यहां कपड़े, लकड़ी का फर्नीचर और फॉल्स सीलिंग सहित अन्य सामग्री प्रभावित हुई।
यह इमारत बेसमेंट + ग्राउंड + चार ऊपरी मंजिलों वाली व्यावसायिक इमारत है। इमारत के बाहरी हिस्से में लगे एल्युमिनियम और प्लास्टिक की सजावटी शीट भी आग से प्रभावित हुईं। आग के कारण पूरी इमारत में धुआं भर गया था।
घटना के दौरान फायर ब्रिगेड के जवानों ने दूसरी मंजिल स्थित लॉजिंग हाउस से 11 लोगों को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बीएमसी के अनुसार, यह लेवल-I फायर थी और दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


