■ मुंबई साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 9 साइबर अपराधों का खुलासा, 161 सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त
मुंबई वार्ता संवाददाता

दक्षिण साइबर पुलिस थाना,अपराध शाखा, मुंबई ने CEO/BOSS Fraud से जुड़े साइबर अपराध की जांच में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार और झारखंड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 161 एयरटेल सिम कार्ड, मोबाइल फोन और सिम कार्ड सक्रिय करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला POCO कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। जांच में आरोपियों की संलिप्तता से कुल 9 साइबर अपराधों का खुलासा हुआ है।


पुलिस के अनुसार, 26 फरवरी 2026 को 43 वर्षीय शिकायतकर्ता से अज्ञात व्यक्ति ने व्हॉट्सऐप के माध्यम से संपर्क किया। आरोपी ने खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताते हुए शिकायतकर्ता का विश्वास हासिल किया और कंपनी के नाम पर 48 लाख 60 हजार 499 रुपये भेजने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने आरोपी के झांसे में आकर उक्त रकम भेज दी। इसके बाद शिकायत के आधार पर दक्षिण साइबर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(3), 319(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(क), 66(ड) के तहत मामला दर्ज किया गया और ठगी की रकम को होल्ड कराया गया।


जांच में सामने आया कि कंपनी के डायरेक्टर के नाम और व्हॉट्सऐप नंबर पर संपर्क करने के लिए इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड बिहार और झारखंड के नागरिकों के दस्तावेजों तथा ई-केवाईसी (E-KYC) में गड़बड़ी कर अवैध तरीके से सक्रिय किए गए थे। ये सिम कार्ड शिवान, बिहार स्थित एयरटेल सिम विक्रेता आमिर चांद मोहम्मद खान द्वारा उपलब्ध कराए गए थे।
पुलिस के मुताबिक, आमिर चांद मोहम्मद खान ग्राहकों के पुराने मोबाइल नंबर पोर्ट अपडेट करने के नाम पर उनके सिम कार्ड एक्टिवेट करता था। इसी प्रक्रिया का दुरुपयोग करते हुए वह सिम कार्ड उपलब्ध कराता था। इन सिम कार्डों को दूसरे आरोपी सूरज प्रदीप कुमार साव उर्फ विशाल को करीब 6,000 रुपये में बेचा गया। इस लेन-देन की रकम सूरज द्वारा आमिर के एयरटेल पेमेंट बैंक खाते में UPI के माध्यम से भेजी गई थी।तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच टीम ने सबसे पहले 14 अगस्त 2026 को आमिर चांद मोहम्मद खान को रुकुंदिपुर, शिवान (बिहार) से गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ और तकनीकी जांच में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने झारखंड के धनबाद जिले के कुमारधुबी निवासी सूरज प्रदीप कुमार साव उर्फ विशाल को 16 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों ने इस प्रकार के साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले सिम कार्ड उपलब्ध कराकर अलग-अलग राज्यों में दर्ज साइबर अपराधों में अपनी भूमिका निभाई थी। इनकी संलिप्तता से दक्षिण साइबर पुलिस थाना, मुंबई के दो मामलों सहित पंजाब, गुरुग्राम-हरियाणा, नई दिल्ली, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में दर्ज साइबर अपराधों का भी खुलासा हुआ है।
■ आरोपियों से जब्त सामग्री
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से निम्न सामग्री जब्त की है—- 161 एयरटेल सिम कार्ड- मोबाइल फोन- सिम कार्ड सक्रिय करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला POCO कंपनी का मोबाइल फोन
■ गिरफ्तार आरोपी
1. आमिर चांद मोहम्मद खान (22) — निवासी रुकुंदिपुर, शिवान, बिहार; एयरटेल सिम वितरक।
2. सूरज कुमार प्रदीप कुमार साव उर्फ विशाल — निवासी कुमारधुबी, धनबाद, झारखंड।
सह पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे , अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय,पुलिस उपायुक्त (साइबर) बजरंग बनसोडे, सहायक पुलिस आयुक्त सायरस ईरानी के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई साइबर सेल के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नंद कुमार गोपाले की टीम ने की है।


