मुंबई वार्ता संवाददाता

घाटकोपर के पंतनगर इलाके में 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसकी सास समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या की साजिश पहले से रची गई थी। हत्या के लिए घरेलू सहायिका और उसके परिवार को कथित तौर पर तीन लाख रुपये देने का सौदा तय किया गया था।


पुलिस के अनुसार, सपना प्रमोद गंजी (35) लक्ष्मीनगर, घाटकोपर स्थित त्रिवेणी बिल्डिंग में रहती थीं। 16 अगस्त 2026 की रात करीब 9.30 बजे उनके बाथरूम में गिरने की सूचना दी गई। उनकी सास धनलक्ष्मी भिक्षापति गंजी (60) उन्हें उपचार के लिए पहले सुप्रीम अस्पताल और बाद में राजावाड़ी अस्पताल ले गईं। डॉक्टरों ने रात करीब 12.41 बजे सपना को मृत घोषित कर दिया।


मौत की सूचना मिलने पर पंतनगर पुलिस की टीम राजावाड़ी अस्पताल पहुंची। शव की जांच के दौरान महिला के गले के आसपास काले-नीले निशान और सिर के बाईं ओर चोट से रक्तस्राव दिखाई दिया। इससे पुलिस को मामला संदिग्ध लगा।पूछताछ में सास धनलक्ष्मी ने शुरुआत में बताया कि बहू के साथ झगड़ा हुआ था और धक्का देने के कारण वह बाथरूम में गिर गई, जिससे सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस जांच में यह कहानी संदिग्ध पाई गई।
जांच में सामने आया कि धनलक्ष्मी ने कथित तौर पर सपना के सिर को किसी कठोर वस्तु से टकराकर उसकी हत्या की थी।इसके बाद सपना के पिता राजेंद्र नरसया वल्लाळ (63) की शिकायत पर पंतनगर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 862/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 115(2) और 352 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। धनलक्ष्मी को 17 अगस्त को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां उसे 24 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजा गया।
■ तीन लाख रुपये में हत्या की सुपारी देने का आरोप
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान कथित तौर पर हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, धनलक्ष्मी के मन में अपनी बहू के प्रति पहले से नाराजगी थी। सपना के खिलाफ उसके ससुरालवालों से संबंधित घरेलू विवाद का मामला भी वर्ष 2024 में नालासोपारा पुलिस थाने में दर्ज हुआ था तथा घरेलू हिंसा कानून के तहत भी शिकायत की गई थी।
पुलिस के अनुसार, सपना जून 2026 में अपने बेटे के साथ छुट्टी पर दुबई से मुंबई आई थीं। इसके करीब एक महीने पहले धनलक्ष्मी ने अपनी पूर्व घरेलू सहायिका मंगला जाधव और उसके परिवार के साथ मिलकर सपना की हत्या की साजिश रची। इसके बदले मंगला और उसके परिवार को तीन लाख रुपये देने का कथित सौदा तय किया गया।घर में घुसकर सिर पर कांच का गिलास मारा, मिर्च पाउडर डालाजांच में पुलिस को घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज से भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त को दोपहर करीब 4.45 बजे सपना घर में अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी एक के बाद एक घर में दाखिल हुए।आरोप है कि उस समय सपना नशे की हालत में थीं। आरोपियों ने उनके सिर पर कांच का गिलास मारा, आंखों में मिर्च पाउडर डाला और ओढ़नी से उनका गला घोंट दिया। इसके बावजूद जब उनकी जान नहीं गई तो आरोपी नंबर 4 और 5 ने कथित तौर पर उनके गले पर पैर रखकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद हत्या के सबूत मिटाने का प्रयास किया गया।
इस मामले में पुलिस ने धनलक्ष्मी गंजी (सास), मंगला सुरेश जाधव (45), शिवानी सुरेश जाधव (21), सुरेश गणपत जाधव (46) और साजन सुरेश जाधव (19) को आरोपी बनाया है। मंगला मृतका की पूर्व घरेलू सहायिका बताई गई है, जबकि शिवानी उसकी बेटी, सुरेश पति और साजन बेटा है।आरोपी नंबर 2 से 5 को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। अदालत ने सभी को 28 अगस्त 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पंतनगर पुलिस मामले में घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
सह पुलिस (लॉ एंड ऑर्डर)आयुक्त मनोज कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्व प्रादेशिक विभाग) धनंजय कुलकर्णी, पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे,सहायक पुलिस आयुक्त विलास दातीर के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई पंत नगर पुलिस थाने की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लता सुतार की टीम ने की है।


