मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

समुद्र में ऊंची लहरों के कारण जुहू समुद्र तट पर बड़ी मात्रा में कचरा बहकर आने की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने बुधवार शाम जुहू बीच का दौरा कर सफाई अभियान और प्रशासन की ओर से किए जा रहे उपायों का जायजा लिया।


इस दौरान के-पश्चिम प्रभाग समिति अध्यक्ष रोहन राठोड़, स्थानीय नगरसेविका सुधा सिंह, अतिरिक्त नगर आयुक्त (परिमंडल-4) डॉ. भाग्यश्री कापसे, सहायक आयुक्त कुंदन वळवी सहित महानगरपालिका के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


■ रोजाना 200 से 250 टन कचरा पहुंच रहा
महानगरपालिका अधिकारियों ने महापौर को बताया कि जुहू समुद्र तट करीब 7 किलोमीटर लंबा है। पिछले वर्षों में मानसून के दौरान ऊंची लहरों के कारण यहां रोजाना करीब 120 मीट्रिक टन कचरा बहकर आता था। इस कचरे को प्रतिदिन साफ कर हटाया जाता था। हालांकि, इस वर्ष कचरे की मात्रा काफी बढ़ गई है और रोजाना करीब 200 से 250 मीट्रिक टन कचरा समुद्र तट पर पहुंच रहा है।
कचरा हटाने के लिए सफाई कर्मचारी दो शिफ्ट में काम कर रहे हैं। सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे और दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाली दोनों शिफ्ट में 75-75 कर्मचारी तैनात हैं। यानी कुल 150 सफाईकर्मी रोजाना समुद्र तट की सफाई में जुटे हैं। अधिकारियों के अनुसार प्रतिदिन कम से कम 180 टन कचरा उठाया जा रहा है।
■ भारी मशीनरी भी तैनात
बढ़ती मात्रा में कचरे को देखते हुए महानगरपालिका ने सफाई के लिए बड़े पैमाने पर मशीनरी तैनात की है। इसमें 2 बीच क्लीनिंग मशीनें, 4 बॉबकैट, 2 पोकलेन, 25 डंपर, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 2 जेसीबी और 1 बुलडोजर शामिल हैं। इन संसाधनों की मदद से समुद्र तट की सफाई लगातार जारी है।
■ ‘समुद्र तट स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी’
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में महापौर रितू तावड़े ने कहा कि जुहू समुद्र तट की सफाई लगातार जारी रखने और अभियान को और तेज करने के निर्देश प्रशासन को दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी प्रशासन को पत्र भेजकर अतिरिक्त मनुष्यबल और मशीनरी तैनात करने के निर्देश दिए गए थे।
महापौर ने समुद्र तट पर कचरा न फेंकने के लिए नागरिकों और पर्यटकों को जागरूक करने वाले सूचना एवं जनजागरण बोर्ड तत्काल लगाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि मुंबई के समुद्र तट स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण हैं। इन्हें हमेशा स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिकों और पर्यटकों से अपील है कि समुद्र तट अथवा किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कचरा न फेंकें और कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें।
महापौर ने मुंबई के समुद्र तटों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए महानगरपालिका के प्रयासों में नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
निरीक्षण के बाद महापौर ने सफाई कर्मचारियों से बातचीत की और उनके काम की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।


