मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के कुर्ला पूर्व इलाके में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। इंदिरा नगर स्थित बंटारा भवन, म्हाडा बिल्डिंग के पीछे एक निर्माणाधीन इमारत में काम के दौरान हाइड्रोलिक क्रेन का एक हिस्सा गिर गया। हादसे में 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सायन अस्पताल और कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।


बीएमसी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 3:04 बजे हुआ। एक ग्राउंड प्लस 17 मंजिला निर्माणाधीन इमारत पर पोकेलेन मशीन को ऊपर ले जाने के लिए हाइड्रोलिक क्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा था। बताया गया है कि निर्माणाधीन इमारत में एम/एस सनी कंपनी की ओर से तोड़फोड़ का काम चल रहा था।
इसी दौरान क्रेन का कुछ हिस्सा गिरकर पास से गुजर रही हाई-टेंशन रेलवे ओवरहेड वायर पर जा गिरा। इसके साथ ही क्रेन का हिस्सा कुरैशी नगर की झुग्गी बस्तियों, सम्राट अशोक नगर की सड़क, म्हाडा भवन की परिसर की दीवार तथा परिसर में खड़े तीन-चार चारपहिया वाहनों पर भी गिरा। शुरुआती सूचना में कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई थी।
हादसे की सूचना मिलते ही बीएमसी के मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
■ 10 घायलों का अस्पताल में उपचार
बीएमसी से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल हुए 8 लोगों को सायन अस्पताल भेजा गया। इनमें 63 वर्षीय जग्रुल्ला नबी मोहम्मद खान, 3 महीने के अहमद नियाज अहमद, 60 वर्षीय अतिकुर रहमान, 36 वर्षीय हकुम शेख, 21 वर्षीय नुमान खान, 19 वर्षीय रहमान खान, 10 वर्षीय सूरज गौर और 40 वर्षीय अकबर शामिल हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी का उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर है।
वहीं, राजू गौड़ (35) और आरती गौड़ (30) को कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत भी स्थिर बताई गई है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। क्रेन गिरने से आसपास की झुग्गियों, म्हाडा परिसर की दीवार और वाहनों को हुए नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों और क्रेन संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।


