■ विधायक चित्राताई वाघ की मौजूदगी में महापौर बंगले के कर्मचारियों को बांधी राखी, उनके योगदान के प्रति जताया आभार
मुंबई वार्ता संवाददाता

रक्षाबंधन का त्योहार केवल रक्त के रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रेम, विश्वास, देखभाल और सुरक्षा के अटूट बंधन का प्रतीक है। दिन-रात अपनी सेवाएं देने वाले महापौर बंगले के सभी कर्मचारी हमारे परिवार का हिस्सा हैं। यह भावपूर्ण उद्गार मुंबई की महापौर रितू तावडे ने व्यक्त किए।


भायखला स्थित महापौर निवास में शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को महापौर बंगले के सभी कर्मचारियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व पारिवारिक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विधायक चित्राताई वाघ की प्रमुख उपस्थिति रही।


महापौर रितू तावडे और विधायक चित्राताई वाघ ने कर्मचारियों को खुद राखी बांधी और उनका औक्षण किया। साथ ही सभी कर्मचारियों के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
त्योहार और उत्सव के अवसरों पर भी अपनी ड्यूटी के प्रति तत्पर रहने वाले महापौर बंगले के कर्मचारियों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से इस छोटे लेकिन भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
इस दौरान कर्मचारियों के साथ महापौर और विधायक ने रक्षाबंधन का त्योहार मनाया और उनके निरंतर योगदान की सराहना की। कार्यक्रम ने महापौर निवास के कर्मचारियों और प्रशासन के बीच पारिवारिक एवं आत्मीय संबंधों को भी रेखांकित किया।


