मुंबई वार्ता संवाददाता

मानखुर्द पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (MCOCA) के तहत दर्ज मामले में पिछले करीब छह महीने से फरार चल रहे अरविंद सोडा गैंग के सदस्य अशफाक आर. शमशुद्दीन खान उर्फ बब्बू (39) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मुंबई की विशेष MCOCA अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 8 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।


मानखुर्द पुलिस थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 54/2026 के तहत आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ MCOCA की धारा 3(1), 3(2) और 3(4) के तहत मामला दर्ज है। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार था और पिछले छह महीनों से अपनी पहचान तथा ठिकाना छिपाकर पुलिस से बच रहा था।


आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने उसके मोबाइल नंबरों के CDR (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) और सोशल मीडिया अकाउंट का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके अलावा आरोपी के संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही थी। पुलिस ने गुप्त मुखबिरों को भी उसकी तलाश में लगाया था।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी कल्याण क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा है।
तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके संभावित ठिकाने की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित इलाके में जाल बिछाया।
पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उसका पीछा कर चतुराई से उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे मुंबई की विशेष MCOCA अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की आगे की जांच के लिए आरोपी को 8 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की है।
इस कार्रवाई को पुलिस आयुक्त देवेन भारती, पुलिस सह आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) मनोजकुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्व प्रादेशिक विभाग) धनंजय कुलकर्णी, पुलिस उपायुक्त समीर शेख, सहायक पुलिस आयुक्त प्रमोद कोकाटे और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बिलाल शेख के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
कार्रवाई में मानखुर्द पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक नंदुलाल पाटील, पुलिस उपनिरीक्षक अजय गोल्हार, गिरीश मालवे, रोहित पाटील, रोहित बाड, दत्तात्रय केदार, प्रवीण घाडगे, प्रवीण पाटील तथा एमपीओएसआई कांबळे सहित पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


