विकसित महाराष्ट्र के लिए हर भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय होकर दे अधिकतम समय: रविंद्र चव्हाण।

Date:

■ भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से पार्टी कार्य में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान


मुंबई वार्ता संवाददाता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विकसित महाराष्ट्र के निर्माण के लिए प्रयासरत रहते हुए भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपना अधिकतम समय पार्टी कार्य को देकर सक्रियता दिखानी चाहिए। यह आह्वान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने किया।


पुणे के गणेश कला क्रीड़ा मंडल में सोमवार को आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के उद्घाटन समारोह में रविंद्र चव्हाण बोल रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य मंत्रिमंडल में शामिल भाजपा के सभी मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, राज्यभर के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।


उद्घाटन भाषण में रविंद्र चव्हाण ने कहा कि भाजपा ने पूरे महाराष्ट्र में कार्यकर्ताओं के लिए बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए हैं। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए नए वक्ताओं को तैयार करने पर भी विचार किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पिछली चुनावी लड़ाइयां मजबूती से लड़ीं, जिसके परिणामस्वरूप पार्टी को पूरे राज्य में उल्लेखनीय सफलता मिली। राज्य की करीब 28 हजार ग्राम पंचायतों में से 8 से 10 हजार ग्राम पंचायतों में भाजपा के सरपंच हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीयता की विचारधारा के साथ काम करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं में इतनी बड़ी ताकत और क्षमता मौजूद है।

■ युवाओं को नशे से मुक्त करने पर जोर


रविंद्र चव्हाण ने कहा कि आने वाले समय में महाराष्ट्र के युवाओं को नशे से मुक्त करने के लिए यदि इस प्रदेश कार्यकारिणी बैठक के माध्यम से कोई ठोस पहल की जाती है, तो महाराष्ट्र भाजपा के कार्यकर्ता इसे लंबे समय तक याद रखेंगे।


उन्होंने कहा कि राज्य के 1 लाख 56 हजार बूथों पर कार्यकर्ता तैयार किए जाने चाहिए और प्रत्येक कार्यकर्ता को किसी न किसी जिम्मेदारी से जोड़ना चाहिए। विधायक, सांसद, मंत्री, जिला परिषद, महानगरपालिका, ग्राम पंचायतों के सरपंच और सदस्यों से लेकर पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी के सभी कार्यों में सक्रिय रूप से सहभागी होना चाहिए।


प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने तथा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता से काम करने की अपेक्षा व्यक्त की।


कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद भाजपा पुणे जिलाध्यक्ष धीरज घाटे और उनके सहयोगियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण का स्वागत किया। प्रदेश महासचिव राजेश पांडे ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related