■ आंखों की जांच के साथ जरूरतमंदों को चश्मे का वितरण, महिलाओं की स्तन कैंसर जांच भी होगी; BMC ने गणेशोत्सव की तैयारियों का लिया जायजा।
मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

गणेशोत्सव के दौरान मुंबई में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की ओर से ‘श्रीगणेशा आरोग्याचा’ अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना के तहत मुख्यमंत्री सहायता निधि और महापौर चिकित्सा निधि से इस विशेष पहल को लागू किया जाएगा।


मुंबई की महापौर रितू तावडे ने मंगलवार को महानगरपालिका मुख्यालय में आयोजित गणेशोत्सव-2026 की समीक्षा बैठक में यह घोषणा की। उन्होंने गणेश मंडलों से अपने मंडप या उसके आसपास स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के लिए जगह उपलब्ध कराने का आह्वान किया।


महापौर ने बताया कि इन शिविरों में गणेश भक्तों और स्थानीय नागरिकों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच की जाएगी। आंखों की जांच के बाद जिन लोगों को चश्मे की जरूरत होगी, उन्हें चश्मा भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं के लिए स्तन कैंसर की जांच भी की जाएगी।
■ पूरे मुंबई में गड्ढों और सिग्नलों की विशेष जांच
गणेशोत्सव की तैयारियों की जानकारी देते हुए महापौर रितू तावडे ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था की जानी चाहिए। गणेश प्रतिमाओं के आगमन और विसर्जन के दौरान किसी तरह की बाधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान पूरे मुंबई में विशेष अभियान चलाकर सड़कों के गड्ढों और ट्रैफिक सिग्नलों की जांच की जाएगी। गणेश मंडलों के सुझावों के आधार पर उपमहापौर और अन्य जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ प्रमुख विसर्जन स्थलों का निरीक्षण भी किया जाएगा।
मुंबई के प्रमुख गणेश मंडलों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इनमें महिलाओं की संख्या भी अधिक रहती है। इसे देखते हुए महापौर ने महिलाओं के लिए हिरकणी कक्ष और प्रसाधनगृह 24 घंटे खुले रखने के निर्देश दिए हैं।
858 टन शाडू मिट्टी और 25,400 लीटर पर्यावरणपूरक रंग मुफ्त
पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव को बढ़ावा देने के लिए BMC ने अब तक मूर्तिकारों को 858 टन शाडू मिट्टी और 25,400 लीटर पर्यावरणपूरक रंग मुफ्त उपलब्ध कराया है।
गणेश मंडपों की अनुमति के लिए ऑनलाइन ‘एक खिड़की प्रणाली’ शुरू की गई है। इसके माध्यम से अब तक 1,136 मूर्तिकारों को ऑनलाइन अनुमति दी जा चुकी है। पहले से अनुमति प्राप्त गणेश मंडलों को अगले पांच वर्षों के लिए एक साथ अनुमति देने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
BMC गणेशोत्सव समन्वयक तथा उपायुक्त प्रशांत सपकाळे के अनुसार, 1 सितंबर तक वर्ष 2026 के लिए 1,885 सार्वजनिक गणेश मंडलों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों की पुलिस और महानगरपालिका स्तर पर जांच जारी है।
■ आगमन और विसर्जन मार्गों पर तैयारियां तेज
गणेश प्रतिमाओं के आगमन और विसर्जन मार्गों पर भी BMC ने तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। 281 स्थानों पर बाधा उत्पन्न करने वाली केबल हटाई गई हैं। आगमन-विसर्जन मार्गों के 506 सड़कों पर 4,279 गड्ढों और 171 ड्रेनेज कवरों की मरम्मत की गई है। इसके अलावा 515 स्थानों पर पेड़ों की छंटाई की गई है।
■ 378 विसर्जन स्थलों पर BMC की व्यवस्था
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए इस वर्ष मुंबई में समुद्र तटों, जेट्टी, प्राकृतिक और कृत्रिम विसर्जन स्थलों सहित कुल 378 विसर्जन स्थल उपलब्ध कराने की तैयारी है। इनमें 44 समुद्र तट एवं जेट्टी, 23 प्राकृतिक तालाब और 281 कृत्रिम विसर्जन स्थल शामिल हैं।
विसर्जन स्थलों पर BMC की ओर से 1,194 स्टील प्लेट, 23 जर्मन राफ्ट, 34 क्रेन, 85 एंबुलेंस, 10 मोटरबोट, 498 निर्माल्य कलश, 326 निर्माल्य डंपर, 261 स्वागत कक्ष, 228 नियंत्रण कक्ष और 75 निरीक्षण टावर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके अलावा 1,132 लाइफगार्ड, 6,052 फ्लड लाइट/सर्च लाइट, 489 अस्थायी प्रसाधनगृह और 3,118 कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इस व्यवस्था में 576 अधिकारी तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता भी शामिल रहेंगे।
■ QR कोड और गूगल मैप से मिलेगी विसर्जन स्थलों की जानकारी
नागरिकों को कृत्रिम विसर्जन तालाबों और अन्य विसर्जन स्थलों की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए उनकी जानकारी QR कोड और गूगल मैप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इससे श्रद्धालु अपने नजदीकी विसर्जन स्थल की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
■ 6 फीट तक की मूर्तियों का कृत्रिम तालाब में विसर्जन अनिवार्य
BMC के अनुसार, उच्च न्यायालय के 20 अगस्त 2026 के निर्देशों के तहत जनहित याचिका में अंतिम निर्णय होने तक 24 जुलाई 2025 के आदेश का पालन करना अनिवार्य रहेगा। इसके अनुसार 6 फीट तक ऊंची गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में करना अनिवार्य होगा। इसके लिए महानगरपालिका ने आवश्यक व्यवस्था की है।
■ ‘श्रीगणेश गौरव’ प्रतियोगिता का आवेदन जल्द ऑनलाइन
बैठक में उपायुक्त प्रशांत सपकाळे ने गणेशोत्सव के लिए BMC की ओर से की जा रही तैयारियों का कंप्यूटर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विवरण दिया। उन्होंने बताया कि ‘श्रीगणेश गौरव’ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले गणेश मंडलों के लिए आवेदन जल्द ही ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने मुंबई के अधिक से अधिक गणेश मंडलों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से सुरक्षित, पर्यावरणपूरक, स्वच्छ और अनुशासित तरीके से गणेशोत्सव मनाने तथा पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव के लिए सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।


