मुंबई वार्ता संवाददाता

मरीन ड्राइव पुलिस ने पिछले कई वर्षों से फरार चल रहे और अदालत द्वारा घोषित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान नागदेव बदीराम राठोड (42) के रूप में हुई है। वह कफ परेड स्थित बाबासाहेब आंबेडकर नगर की झोपड़पट्टी में रहता था और सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था।


पुलिस के अनुसार, मरीन ड्राइव पुलिस थाने में दर्ज गु.र.क्र. 03/2021 में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4 और 25 के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में आरोपी लंबे समय से फरार था। उसे अदालत की ओर से पहले समन्स, फिर वारंट और गैर-जमानती वारंट जारी किए गए। इसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ जाहीरनामा (Proclamation) भी जारी किया था।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी कफ परेड में अपने घर पर रह रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर तलाश की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बधवार पार्क इलाके में मौजूद है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने बधवार पार्क में तलाश अभियान चलाया और आरोपी नागदेव राठोड को पकड़ लिया। पूछताछ और पहचान की प्रक्रिया के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि पकड़ा गया व्यक्ति वही फरार आरोपी है, जिसकी तलाश इस मामले में की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देते हुए तथा सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संबंधित मामले में दोबारा गिरफ्तार किया।
■ पहले भी दर्ज है चोरी का मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी नागदेव राठोड के खिलाफ गु.र.क्र. 421/2020, धारा 379 और 34 भारतीय दंड संहिता के तहत भी मामला दर्ज है।
■ वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त परिमंडल-1 मनीष कलवानिया, सहायक पुलिस आयुक्त पंढरीनाथ पाटील, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कदम तथा पुलिस निरीक्षक राजेश पाटील के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई करने वाली टीम में तड़ीपार अधिकारी पुलिस उपनिरीक्षक शालीक सिडाम, पुलिस हवलदार पाटील, पुलिस हवलदार महाले, पुलिस हवलदार मोरे और पुलिस कांस्टेबल नाईकवाड़ी शामिल थे। टीम की कार्रवाई से लंबे समय से फरार आरोपी को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली।


