श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मालाड पश्चिम के मालवणी इलाके में शनिवार को दहीहंडी उत्सव के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। यह घटना चिकूवाड़ी स्थित एकता वेलफेयर सोसायटी के रूम नंबर 23 के पास हुई।


मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय स्तर पर बच्चे अपने स्तर पर दहीहंडी उत्सव मना रहे थे। दहीहंडी के लिए रस्सी को एक पेड़ और ग्राउंड फ्लोर की संरचना के ईंट के कॉलम से बांधा गया था। दहीहंडी फोड़ने के दौरान अचानक ईंट का कॉलम ढह गया और इसकी चपेट में 7 वर्षीय रुद्र कदम आ गया। बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी।


हादसे के तुरंत बाद रुद्र को उपचार के लिए मालवणी जनरल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की पुष्टि की।
घटना की सूचना 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3:01 बजे वार्ड कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही वार्ड कर्मचारियों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दहीहंडी उत्सव के दौरान बच्चों द्वारा बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था के भारी संरचना से रस्सी बांधकर आयोजन किए जाने के कारण यह हादसा हुआ। इस घटना ने उत्सव के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


