मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई और उपनगरों में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 323 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जब्त हेरोइन की अनुमानित कीमत 64 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।


पुलिस आयुक्त, बृहन्मुंबई के निर्देश पर मुंबई शहर और उपनगरों में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और वितरण करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपराध शाखा, मादक पदार्थ विरोधी प्रकोष्ठ (ANC), मुंबई को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को मादक पदार्थ विरोधी प्रकोष्ठ की कांदिवली यूनिट को गुप्त सूचना मिली थी कि वर्सोवा इलाके में हेरोइन की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वर्सोवा, अंधेरी (पश्चिम), मुंबई में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 323 ग्राम वजन की हेरोइन बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 64,60,000 रुपये है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, स्कैनर, मिक्सर भांडे, हैलोजन बल्ब और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, एक आरोपी के पास से करीब 167 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत लगभग 33.40 लाख रुपये, जबकि दूसरे आरोपी के पास से करीब 156 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत लगभग 31.20 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों से कुल 323 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने जब्त हेरोइन की कुल कीमत 64 लाख 60 हजार रुपये होने की जानकारी दी है। आरोपियों के खिलाफ NDPS Act, 1985 की धारा 8(c), 21(c) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को 4 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को हेरोइन की आपूर्ति कहां से होती थी और मुंबई तथा उपनगरों में इसे किन लोगों को बेचा जाना था।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, पुलिस सह आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय तथा पुलिस उपायुक्त (ANC) पूर्णिमा श्रींगी के मार्गदर्शन में की गई। कांदिवली यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक राहुल लोखंडे, सहायक पुलिस निरीक्षक विजय नाईक और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।


