मुंबई वार्ता संवाददाता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे और कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) से दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक व्यक्ति कथित तौर पर खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बता रहा था, जबकि उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास से बंदूक बरामद हुई है।


मुंबई पुलिस के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को NMACC में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होना था। इसी दौरान सुरक्षा जांच के दौरान दो संदिग्धों को रोका गया। पूछताछ में एक व्यक्ति ने खुद को PMO अधिकारी बताया, लेकिन उसकी पहचान और दावे की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की उम्र करीब 24 वर्ष बताई जा रही है। उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास एक बंदूक थी, जिसे सुरक्षा जांच के दौरान बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच अपने हाथ में ले ली है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचे और युवक ने PMO अधिकारी होने का दावा क्यों किया। साथ ही बरामद हथियार के संबंध में भी जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और उनके मकसद के बारे में पुलिस की ओर से अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 के सातवें संस्करण में शामिल होने वाले हैं। यह आयोजन 8 से 11 सितंबर तक मुंबई में हो रहा है और इसमें वित्तीय क्षेत्र, फिनटेक, बैंकिंग, तकनीक तथा निवेश से जुड़े कई प्रमुख प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से ठीक पहले कार्यक्रम स्थल पर हथियार के साथ एक व्यक्ति के पहुंचने और दूसरे व्यक्ति द्वारा PMO अधिकारी होने का दावा किए जाने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों की पृष्ठभूमि और उनके कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।


