मुंबई वार्ता संवाददाता

कुर्ला के खैरानी मार्ग पर 2 जुलाई 2026 को हुए मैनहोल हादसे में जान गंवाने वाले साकीनाका के यादव नगर निवासी असलम शेख के परिवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की ओर से 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। यह राशि उनकी पत्नी अंजुम शेख के बैंक खाते में सीधे जमा की गई।


हादसे के बाद मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने शेख परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी थी। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए महापौर ने तत्काल 10 लाख रुपये की सहायता देने का आश्वासन दिया था।


महापौर के निर्देश के बाद BMC के एल विभाग (कुर्ला) कार्यालय ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए परिवार से बैंक खाते और वारसाहक्क संबंधी दस्तावेज पूरे करवाए। इसके बाद 4 अगस्त 2026 को 10 लाख रुपये की राशि अंजुम शेख के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर कर दी गई।
■ अंजुम शेख ने पत्र लिखकर जताया आभार
आर्थिक सहायता प्राप्त होने के बाद अंजुम शेख ने BMC को लिखित रूप से इसकी पुष्टि करते हुए महापौर रितू तावड़े, सभी दलों के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और महानगरपालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अपने पत्र में कहा कि परिवार पर आए बेहद कठिन समय में महापौर द्वारा दिए गए आश्वासन को पूरा किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में मार्गदर्शन और सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, महापौर और महानगरपालिका अधिकारियों के प्रति उन्होंने कृतज्ञता व्यक्त की।
■ ‘परिवार के साथ खड़ा होना हमारा कर्तव्य था’
महापौर रितू तावड़े ने कहा कि परिवार के कमाने वाले सदस्य को खोने का दुख बहुत बड़ा है और उसकी भरपाई किसी भी तरह नहीं की जा सकती। हालांकि, ऐसे निराश्रित परिवार के साथ खड़ा होना महानगरपालिका का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि अंजुम शेख द्वारा व्यक्त की गई भावनाएं महानगरपालिका प्रशासन को और अधिक संवेदनशीलता के साथ काम करने की प्रेरणा देती हैं।


