मुंबई वार्ता संवाददाता

मध्य रेलवे के टिटवाला स्टेशन पर 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म विस्तार का काम चल रहा है। इस काम के लिए 28 अगस्त से 11 सितंबर 2026 तक रात के समय विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके चलते मुंबई की लोकल सेवा प्रभावित हुई है और कई लोकल ट्रेनों को रद्द, शॉर्ट-टर्मिनेट या शॉर्ट-ओरिजिनेट किया गया है।


■ रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक ब्लॉक
मध्य रेलवे के अनुसार, 2/3 सितंबर से 8/9 सितंबर तक रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक टिटवाला-कसारा सेक्शन में अप और डाउन नॉर्थ-ईस्ट लाइनों पर ब्लॉक रखा गया। इस दौरान टिटवाला और कसारा के बीच लोकल सेवा उपलब्ध नहीं रहती। टिटवाला जाने वाली कई लोकल को आसनगांव तक बढ़ाया गया, जबकि टिटवाला से शुरू होने वाली कुछ सेवाएं आसनगांव से शुरू की गईं।
■ CSMT-कसारा की आखिरी लोकल कब?
ब्लॉक से पहले CSMT से कसारा जाने वाली आखिरी लोकल रात 9:32 बजे रवाना होती है। वहीं CSMT से टिटवाला जाने वाली आखिरी लोकल रात 9:20 बजे रवाना होती है।
कसारा से CSMT जाने वाली आखिरी लोकल रात 10 बजे रवाना होती है। ब्लॉक के बाद CSMT से कसारा के लिए पहली लोकल सुबह 4:19 बजे और कसारा से CSMT के लिए पहली लोकल सुबह 4:59 बजे रवाना होती है।
■卐ये लोकल ट्रेनें रद्द
ब्लॉक के दौरान कई सेवाओं को रद्द किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से—
CSMT-कसारा लोकल रात 10:47 बजे और 12:08 बजे की सेवाएं।
CSMT-टिटवाला लोकल रात 10 बजे और 10:50 बजे की सेवाएं।
टिटवाला-CSMT लोकल सुबह 6:13 बजे, रात 9 बजे और 10:06 बजे की सेवाएं।
कसारा-CSMT लोकल सुबह 3:51 बजे की सेवा।
इसके अलावा कुछ ठाणे-CSMT, कल्याण-CSMT और टिटवाला-परेल सेवाओं को भी रद्द किया गया है।
कुछ लोकल आधे रास्ते तक चलेंगी
CSMT से रात 11:16 बजे और 11:42 बजे रवाना होने वाली टिटवाला लोकल को टिटवाला के बजाय ठाणे तक ही चलाया जाएगा। इसी तरह कुछ सुबह की सेवाओं का प्रारंभिक स्टेशन भी बदल दिया गया है।
मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी असर
रात के इस ब्लॉक का असर केवल लोकल ट्रेनों तक सीमित नहीं है। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का अपडेटेड टाइमटेबल जांचने और स्टेशन पर उद्घोषणाओं पर ध्यान देने की अपील की है।
11 सितंबर तक चलेगा काम
टिटवाला स्टेशन पर प्लेटफॉर्म को 15-कोच वाली लोकल के अनुकूल बनाने का यह काम 28 अगस्त से 11 सितंबर तक चलना है। काम के कारण पहले भी लोकल रद्द होने और कल्याण-कसारा मार्ग पर 40-50 मिनट तक देरी से यात्रियों को परेशानी हुई है।
**इसलिए रात में कसारा, आसनगांव, टिटवाला और कल्याण की ओर जाने वाले यात्रियों को खास तौर पर ध्यान रखना होगा कि नियमित समय वाली आखिरी लोकल उपलब्ध नहीं हो सकती। यात्रा से पहले मध्य रेलवे का ताजा समयपत्रक जरूर जांचना बेहतर रहेगा।**


