मुंबई वार्ता संवाददाता

महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने मुंबई में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए गोरेगांव में अपने नए GOM गोरेगांव सीएनजी स्टेशन का उद्घाटन किया। शुक्रवार को स्टेशन पर व्यावसायिक बिक्री की भी शुरुआत कर दी गई।
■ पूरा पता:-
GOM सीएनजी स्टेशन, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, वनराई पुलिस स्टेशन के पास, गोरेगांव (पूर्व), मुंबई।


एमजीएल के अनुसार, नया स्टेशन दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों का प्रतीक है। यह मुंबई का पहला हाइव डिजाइन वाला सीएनजी स्टेशन है। इसके साथ ही यह NFR सुविधा वाला पहला स्टेशन भी है। कंपनी ने बताया कि सीजीडी क्षेत्र में इस तरह की सुविधाओं को शुरुआती स्तर पर लागू किया जा रहा है।


नए स्टेशन के शुरू होने से गोरेगांव और आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ व्यावसायिक वाहनों के लिए सीएनजी की उपलब्धता और ईंधन भराने की सुविधा मजबूत होगी।
उद्घाटन समारोह में महानगर गैस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक प्रवीर श्रीवास्तव और उप-प्रबंध निदेशक अजय सिन्हा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। समारोह के दौरान दोनों अधिकारियों का अभिनंदन भी किया गया।
एमजीएल ने कहा कि नई सुविधा गोरेगांव के यात्रियों और व्यावसायिक वाहनों के बेड़े के लिए ईंधन भराने की सुविधा को मजबूत करेगी। कंपनी के मुताबिक, यह पहल विश्वसनीय, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार ऊर्जा ढांचे के प्रति एमजीएल की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाती है।
नए सीएनजी स्टेशन के संचालन से मुंबई में सीएनजी आधारित स्वच्छ गतिशीलता के विस्तार को भी गति मिलने की उम्मीद है।


