मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के कालाचौकी इलाके में रविवार तड़के गणेशोत्सव मंडल के प्रवेश द्वार के पास लगाए गए अस्थायी पेयजल स्टॉल में बिजली का करंट उतरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना डाटाराम लाड मार्ग स्थित महागणपति उत्सव मंडल के पास रात करीब 2 बजकर 42 मिनट पर हुई। घटना की सूचना बीएमसी के मुंबई फायर ब्रिगेड को मिली।


जानकारी के अनुसार, गणेशोत्सव मंडल के प्रवेश द्वार के पास बनाए गए अस्थायी पेयजल स्टॉल में अचानक बिजली का करंट महसूस हुआ। स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास का इलाका घेर दिया।
घटना के बाद छह प्रभावित लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मसिना अस्पताल में भर्ती 8 वर्षीय रागिनी घनश्याम यादव को चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसी अस्पताल में 19 वर्षीय किरण अकबर नाइक, 19 वर्षीय तन्वी नरेश हांडे और 19 वर्षीय साहिल संदीप तारे का इलाज चल रहा है और तीनों की हालत स्थिर बताई गई है।
वहीं, 33 वर्षीय सुजाता को ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 12 वर्षीय रुही सिंह की हालत गंभीर है और उसे ग्लोबल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।
घटना के बाद बिजली आपूर्ति से जुड़े मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बेस्ट अधिकारियों ने डाटाराम लाड मार्ग स्थित दिग्विजय मिल चॉल में पोल नंबर डीएलएम-14 के पास घटनास्थल का निरीक्षण किया। यहां गणपति उत्सव की रोशनी और कोल्ड ड्रिंक स्टॉल के लिए लगाया गया अस्थायी मीटर नंबर एम217392 भी जांचा गया।
बेस्ट के अनुसार, स्थानीय इलेक्ट्रीशियन द्वारा अस्थायी मीटर की वायरिंग और एमसीबी पहले ही डिस्कनेक्ट कर दी गई थी। घटनास्थल की बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से काटकर बंद रखी गई थी। मौके पर बेस्ट का फ्यूजमैन मौजूद था, जबकि कालाचौकी पुलिस ने मीटर इंस्पेक्टर को भी निरीक्षण के लिए बुलाया।
स्थानीय पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि अस्थायी बिजली कनेक्शन में तकनीकी खराबी, वायरिंग या किसी अन्य कारण से पानी के स्टॉल में करंट कैसे फैला।


