मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के मालाड इलाके में गणेश विसर्जन मिरवणुकी से पहले ही पुलिस ने डीजे और साउंड सिस्टम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उपकरण जब्त कर लिए। यह कार्रवाई ध्वनि प्रदूषण और जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए की गई।


मुंबई में गणेश विसर्जन के दौरान ध्वनिक्षेपक और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर प्रशासन की ओर से निर्धारित नियम लागू हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अनुमति और निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जा सकती है। मुंबई पुलिस ने 9 से 23 सितंबर 2026 तक सार्वजनिक जुलूसों, लाउडस्पीकर, एम्प्लीफायर और अन्य ध्वनि-वर्धक उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी किया है, हालांकि निर्धारित अनुमति वाले कार्यक्रमों को इससे छूट दी गई है।
गणेशोत्सव के दौरान मुंबई में कुछ निर्धारित विसर्जन दिनों पर रात 12 बजे तक ध्वनिक्षेपक इस्तेमाल करने की विशेष अनुमति दी गई है, लेकिन यह अनुमति ध्वनि प्रदूषण संबंधी निर्धारित मानकों के अधीन है।
मालाड में विसर्जन मिरवणुकी से पहले डीजे पर हुई कार्रवाई को इसी नियमों के पालन के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई के बाद संबंधित साउंड सिस्टम जब्त कर लिया गया। इससे विसर्जन जुलूसों में तेज आवाज वाले डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर प्रशासन की सख्ती एक बार फिर सामने आई है।


