मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के मुलुंड पश्चिम में रविवार सुबह BEST बस और एक निजी ट्रैवल बस के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में BEST बस के चालक संदीप नामदेव करांडे (40) घायल हो गए। टक्कर के बाद BEST बस के बोनट में आग भी लग गई, जिसे बस के कंडक्टर ने अग्निशामक यंत्र की मदद से तुरंत बुझा दिया।


यह हादसा सुबह करीब 5.50 बजे एलबीएस मार्ग पर रैली वुल्फ के पास हुआ। BEST की बस क्रमांक 7715, रूट नंबर 496 पर SEEPZ से ठाणे के तीन हाथ नाका की ओर जा रही थी। इस इलाके में मेट्रो-4 के निर्माण कार्य के कारण यातायात को एक ही लेन में चलाया जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही निजी बस से BEST बस की जोरदार टक्कर हो गई।


टक्कर के कारण BEST बस के चालक करांडे के पेट में स्टीयरिंग का हिस्सा जा लगा और उनके दाहिने पैर में भी चोट आई। बस के कंडक्टर ने उन्हें तुरंत मुलुंड के अग्रवाल अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने उन्हें सोनोग्राफी कराने की सलाह दी है।
हादसे के बाद BEST बस के बोनट में आग लग गई। बस में मौजूद अग्निशामक यंत्र की मदद से कंडक्टर ने आग पर काबू पा लिया। यात्रियों ने दमकल विभाग को भी सूचना दी थी, लेकिन दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही आग बुझा दी गई थी। हादसे में यात्रियों के घायल होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त BEST बस को मुलुंड डिपो ले जाकर इंजीनियरिंग विभाग की जांच के लिए रखा गया। मुलुंड पुलिस ने निजी बस के चालक के खिलाफ स्टेशन डायरी में प्रविष्टि दर्ज की है।
हादसे के समय मेट्रो निर्माण के कारण यातायात व्यवस्था बदली हुई थी। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि मौके पर यातायात मार्गदर्शन के लिए ट्रैफिक वार्डन मौजूद नहीं था। हालांकि, एमएमआरडीए के एक अधिकारी ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि हादसे में दो बसें शामिल थीं और मेट्रो निर्माण कार्य को दुर्घटना का कारण नहीं माना जा सकता।


