मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के कोलाबा इलाके में बुधवार तड़के हुए सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय सुमित सतवान वाल्मिकी और 15 वर्षीय संजू सतवान वाल्मिकी के रूप में हुई है। दोनों गणेशमूर्ति नगर, कफ परेड में रहते थे और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के पिपरी गांव के रहने वाले थे।


पुलिस के अनुसार, यह हादसा 23 सितंबर 2026 को सुबह करीब 4:45 से 5 बजे के बीच नानाभाई मुसा मार्ग, कुलाबा स्थित गंगोत्री इमारत की सुरक्षा दीवार के पास हुआ। सुमित सतवान वाल्मिकी टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 01 एफके 3556 चला रहा था, जबकि उसका 15 वर्षीय भाई संजू पीछे बैठा था।
बताया गया है कि नानाभाई मुसा मार्ग की उत्तर दिशा में जाते समय सुमित का मोटरसाइकिल पर नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक गंगोत्री इमारत की सुरक्षा दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुमित और पीछे बैठे संजू के सिर तथा चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। दोनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इस मामले में अपमृत्यु की रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों शवों को मौत के निश्चित कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम हेतु गोखुलदास तेजपाल अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जांच की और वहां से आवश्यक नमूने तथा अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। हादसा किस वजह से हुआ, इस संबंध में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


