मुंबई वार्ता संवाददाता

गणपति बप्पा की विदाई के दौरान दादर में शिवसेना नेता एवं पूर्व उप महापौर बाबूभाई भवानजी का गणपति स्वागत पंडाल एक बार फिर चर्चा का केंद्र बना। इस बार पंडाल में विभिन्न पंथों के धर्मगुरु एक साथ एक मंच पर आए और गणेश भक्तों का स्वागत करते हुए एकता का संदेश दिया। मंच से ‘हम सब एक हैं’ और सामाजिक समरसता का संदेश गूंजता रहा।


बाबूभाई भवानजी पिछले 42 वर्षों से दादर में गणपति भक्तों के स्वागत के लिए पंडाल लगाते आ रहे हैं। हर वर्ष अलग थीम के साथ तैयार किया जाने वाला उनका पंडाल गणेशोत्सव के दौरान आकर्षण का केंद्र रहता है। इस वर्ष पंडाल में सनातन धर्म, इस्कॉन, स्वामीनारायण संप्रदाय, बौद्ध धर्म और सिख धर्म से जुड़े धर्मगुरु एक साथ मंच पर पहुंचे और गणेश भक्तों का स्वागत किया।


इस दौरान मंच से ‘छोड़ो कल की बातें, कल की बात पुरानी, अब हम सब मिलकर लिखेंगे नई कहानी’ गीत गूंजता रहा। इसके साथ ही ‘वंदे मातरम्’ और ‘जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई’ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
बाबूभाई भवानजी के पंडाल में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, शिवसेना के महामंत्री एवं सांसद राहुल शेवाले, विधायक कालीदास कोलंबकर, प्रसाद लाड, तुकाराम काते सहित एनडीए के कई नेताओं ने भी पहुंचकर गणेश भक्तों का स्वागत किया। नेताओं ने पंडाल की थीम और विभिन्न पंथों के धर्मगुरुओं को एक मंच पर लाने की पहल की सराहना की।
गौरतलब है कि ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ की गूंज के बीच मुंबई में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। 14 सितंबर से शुरू हुआ गणेशोत्सव 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के साथ समाप्त हुआ।
हालांकि, कुछ प्रमुख गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 26 सितंबर की सुबह तक जारी रहा, जिनमें लालबागचा राजा और चिंचपोकलीचा राजा प्रमुख रहे।
बीएमसी प्रशासन ने गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए गिरगांव चौपाटी के अलावा दादर, माहिम, जुहू सहित अन्य समुद्र तटों और कृत्रिम विसर्जन तालाबों पर व्यवस्था की थी। अनंत चतुर्दशी के दिन प्राकृतिक और कृत्रिम विसर्जन स्थलों पर कुल 36,240 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
बीएमसी के अनुसार, वर्ष 2024 में करीब दो लाख और 2025 में करीब 1.97 लाख गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन समुद्र तथा कृत्रिम तालाबों में किया गया था।
गणेश विसर्जन के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और सांसद श्रीकांत शिंदे गिरगांव चौपाटी पहुंचे और वहां विसर्जन के लिए लाई गई गणेश प्रतिमाओं की आरती की।
विधान परिषद के सभापति राम शिंदे, उपसभापति सचिन अहीर, शिवसेना नेता राहुल शेवाले, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम सहित कई अन्य नेता भी गिरगांव चौपाटी पर मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ विदेशी पर्यटकों ने भी मुंबई के गणेश विसर्जन का अनुभव लिया।


