■ ‘पैदल यात्री प्रथम’ अभियान के तहत मुंबई शहर और पश्चिमी उपनगरों का निरीक्षण; डॉ. वी.एन. शिरोडकर प्रसूतिगृह में दवाओं, सुविधाओं और नवजात शिशु गहन चिकित्सा विभाग का लिया जायजा।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और सड़कों पर अतिक्रमण तथा कचरे की समस्या दूर करने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त अश्विनी भिड़े ने बुधवार को मुंबई शहर और पश्चिमी उपनगरों के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विलेपार्ले रेलवे स्टेशन के आसपास फुटपाथ चौड़े करने, सांताक्रूज पश्चिम में फुटपाथों से अतिक्रमण चरणबद्ध तरीके से हटाने और सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।


सुगम फुटपाथ नीति के तहत चलाए जा रहे ‘पैदल यात्री प्रथम’ (पेडेस्ट्रियन फर्स्ट) अभियान और कचरा जमा होने वाले संवेदनशील स्थानों को समाप्त करने की मुहिम के तहत यह निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने फुटपाथों की स्थिति, अतिक्रमण, सड़क सफाई, सुविधायुक्त शौचालयों, कचरा संग्रहण व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पैदल यात्रियों को बिना किसी बाधा के सुरक्षित चलने के लिए आवश्यक सुधार किए जाएं।निरीक्षण में जी दक्षिण विभाग के सेनापति बापट मार्ग स्थित जी.एल. लोडर चौकी, वर्ली का आदर्शनगर मार्ग, एच पश्चिम विभाग के सांताक्रूज स्थित तिलक मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग, एच पूर्व विभाग का पंडित जवाहरलाल नेहरू मार्ग, के दक्षिण विभाग का विलेपार्ले स्टेशन मार्ग और डॉ. वी.एन. शिरोडकर प्रसूतिगृह शामिल रहे।
■ कचरा ढोने वाले वाहनों की व्यवस्था की जांच
सेनापति बापट मार्ग स्थित जी.एल. लोडर चौकी पर आयुक्त अश्विनी भिड़े ने कचरा संग्रहण के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बड़े, मध्यम और छोटे वाहनों का निरीक्षण किया। उन्होंने कचरे के परिवहन के दौरान वाहनों को ढकने की व्यवस्था की जानकारी ली और इसका प्रदर्शन भी देखा। इसके अलावा, सड़कों से धूल साफ करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ब्रश और अन्य उपकरणों की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
■ फुटपाथों की मरम्मत और नियमित सफाई पर जोर
वर्ली के आदर्शनगर मार्ग पर फुटपाथों की स्थिति और मरम्मत कार्यों का जायजा लेते हुए आयुक्त ने आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को फुटपाथों पर आसानी से और सुरक्षित तरीके से चलने की सुविधा मिलनी चाहिए। सड़क किनारे खड़े वाहनों के नीचे जमा होने वाले कचरे की भी नियमित सफाई करने के निर्देश दिए गए।
■ सांताक्रूज में अतिक्रमण हटाने के निर्देश
सांताक्रूज पश्चिम के तिलक मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने फुटपाथों से अतिक्रमण हटाकर उन्हें पैदल यात्रियों के लिए खाली कराने को कहा। उन्होंने स्काईवॉक से नीचे लटक रहे केबलों को हटाने के भी निर्देश दिए।आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से की जाए। साथ ही, सड़क के डिवाइडरों की नियमित सफाई कर उन्हें स्वच्छ और अच्छी स्थिति में रखा जाए, ताकि यातायात और पैदल आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
■ वाकोला जंक्शन से सांताक्रूज स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण की योजना
एच पूर्व विभाग में पंडित जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर वाकोला जंक्शन से सांताक्रूज रेलवे स्टेशन तक सड़क को स्वीकृत 36.60 मीटर यानी 120 फुट की सड़क रेखा के अनुसार विकसित करने का प्रस्ताव है।सड़क चौड़ीकरण के लिए आसपास की संपत्तियों की खुली जगह अधिग्रहित करने के उद्देश्य से एच पूर्व विभाग कार्यालय की ओर से 28 नोटिस जारी किए गए हैं। रेलवे स्टेशन परिसर के 89 लाइसेंसधारक दुकानदारों को नजदीकी क्षेत्र में स्थानांतरित करने की योजना है। इसके अलावा, एच पूर्व विभाग में 21 अनधिकृत दुकानों को हटाया जा चुका है।
आयुक्त भिड़े ने एच पश्चिम विभाग में दुकानों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। इसमें कान्हुबाई देसाई मार्ग की 86 अधिकृत दुकानें, सांताक्रूज के महात्मा गांधी मार्ग की 82 दुकानें, 50 सब्जी विक्रेताओं की दुकानें और लोकमान्य तिलक मार्ग की 14 दुकानें शामिल हैं। इन दुकानों को जल्द से जल्द स्थानांतरित करने पर जोर दिया गया, ताकि फुटपाथों और सड़कों पर आवाजाही सुगम हो सके।
■ शिरोडकर प्रसूतिगृह में दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने के दक्षिण विभाग स्थित डॉ. वी.एन. शिरोडकर प्रसूतिगृह का भी दौरा किया। यहां उन्होंने प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं के लिए उपलब्ध दवाओं, अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।उन्होंने प्रसूतिगृह में जल्द शुरू होने वाले नवजात शिशु गहन चिकित्सा विभाग (नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट) का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही मरीजों के उपचार से संबंधित जानकारी दर्ज करने तथा दवाओं के भंडार का रिकॉर्ड और प्रबंधन करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली कंप्यूटर प्रणाली की कार्यप्रणाली के बारे में चिकित्सा अधिकारियों से जानकारी ली।
इस निरीक्षण दौरे में आयुक्त कार्यालय के उपायुक्त प्रशांत गायकवाड़, परिमंडल-2 के उपायुक्त प्रशांत सपकाळे, घनकचरा प्रबंधन विभाग के उपायुक्त किरण दिघावकर, परिमंडल-3 के उपायुक्त विश्वास मोटे, जी दक्षिण की सहायक आयुक्त स्वप्नजा क्षीरसागर, एच पश्चिम के सहायक आयुक्त दिनेश पल्लेवाड, एच पूर्व की सहायक आयुक्त मृदुला अंडे और के दक्षिण की सहायक आयुक्त वनिता कोकाटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


