मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के वडाला पश्चिम में आर. ए. किडवाई मार्ग पर एसआईडब्ल्यूएस (SIWS) कॉलेज के पास दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, ओला कैब से आए तीन बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए उस पर करीब तीन राउंड फायरिंग की। हालांकि, युवक ने मौके से भागकर अपनी जान बचा ली। राहत की बात यह है कि इस घटना में युवक को गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गया।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया।


■ पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही माटुंगा पुलिस, क्राइम ब्रांच यूनिट-4 और पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनुराग जैन मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान गोलीबारी की परिस्थितियों और हमलावरों के घटनास्थल तक पहुंचने के तरीके की पड़ताल की जा रही है।
■ आरोपियों की पहचान
आरोपियों की पहचान अंजा खान, अली उर्फ दाऊद खान (वडाला, हिमत नगर निवासी) और सोहेब (संगम नगर, वडाला टीटी निवासी) के रूप में बताई गई है। आरोपी और पीड़ित उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं।
■ मुख्य आरोपी समेत तीन संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात के पीछे की वजह और हमले के मकसद का पता लगाया जा सके।फिलहाल, पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवक पर हमला किस कारण किया गया और क्या इस वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश या अन्य विवाद था। मामले में जांच जारी है और गोलीबारी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।


