मुंबई वार्ता संवाददाता

बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के नाम पर फोन कर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। धमकी भरा फोन आने के बाद अभिनेता ने मुंबई पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी।


पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया और अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की मांग की। धमकी मिलने के बाद तुषार कपूर ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद जांच शुरू की गई।जांच के दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने धमकी भरे फोन की ऑडियो रिकॉर्डिंग का विश्लेषण किया। इसके साथ ही रिकॉर्डिंग में सुनाई देने वाली आवाज का मिलान पुलिस के पास मौजूद हैरी बॉक्सर की आधिकारिक आवाज के नमूने से किया गया।


वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में दोनों रिकॉर्डिंग की आवाज में अंतर पाया गया है। इसके बाद पुलिस को संदेह है कि यह कॉल फर्जी हो सकती है। जांचकर्ताओं का मानना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अभिनेता को डराने और उनसे पैसे ऐंठने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल किया हो सकता है।
फिलहाल पुलिस धमकी भरा ऑडियो भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से मामले में अंतिम निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है।


