■ महाराष्ट्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को राज्य सरकार ने राहत देने का निर्णय लिया है।
मुंबई वार्ता संवाददाता

राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में ‘महाराष्ट्र यातायात पुलिस चालान अभय योजना-2026’ शुरू करने को मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत पुराने और लंबित यातायात चालानों पर लगने वाले जुर्माने की राशि में एकमुश्त 20 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।सरकार के इस फैसले से उन वाहन मालिकों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जिनके वाहनों पर लंबे समय से यातायात नियमों के उल्लंघन के चालान लंबित हैं। एकमुश्त भुगतान के माध्यम से बकाया जुर्माने का निपटारा करने का अवसर मिलेगा।


इससे वाहन चालकों पर पुराने जुर्माने का आर्थिक बोझ कम हो सकेगा और लंबित चालानों की संख्या घटाने में भी मदद मिलेगी।हालांकि, योजना का लाभ लेने के लिए किन तारीखों के चालान पात्र होंगे, छूट की सटीक दर क्या होगी, भुगतान की अंतिम समय-सीमा क्या रहेगी और किन श्रेणियों के चालानों को इसमें शामिल किया जाएगा, इसकी विस्तृत जानकारी आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी होने के बाद स्पष्ट होगी।
वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे अपने लंबित ई-चालान की स्थिति महाराष्ट्र यातायात पुलिस के आधिकारिक पोर्टल पर जांचें।


