मुंबई वार्ता संवाददाता

बोरिवली पूर्व स्थित स्वामी विवेकानंद मार्ग पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बेस्ट बस स्टेशन के लिए आरक्षित भूखंड को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। बुधवार, 4 नवंबर 2026 को पूरी की गई इस कार्रवाई में कुल 27 व्यावसायिक गालों को निष्कासित किया गया।


बीएमसी के अनुसार, बोरिवली पूर्व के स्वामी विवेकानंद मार्ग पर भूखंड क्रमांक 7 बी, नगर भूमापन क्रमांक 15 और नगर रचना योजना-2 के अंतर्गत लगभग 3,400 वर्ग मीटर का भूखंड बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन उपक्रम (बेस्ट) के बस स्टेशन के लिए आरक्षित है।


इस भूखंड पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए महानगरपालिका ने अभियान चलाया।बीएमसी के आर मध्य विभाग की ओर से संचालित इस अतिक्रमण हटाओ अभियान में इंजीनियरों सहित कुल 70 मजदूरों और कर्मचारियों की टीम तैनात की गई थी। कार्रवाई के दौरान दो जेसीबी मशीनों और चार डंपरों की सहायता से अतिक्रमित 27 व्यावसायिक गालों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस का पर्याप्त बंदोबस्त भी तैनात किया गया था। महानगरपालिका ने अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर आरक्षित भूखंड को अतिक्रमण मुक्त करा लिया है।


