मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का मुंबई पुलिस की दक्षिण साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने नागपुर से तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों का संबंध मुंबई के छह मामलों सहित देशभर में दर्ज कुल 73 साइबर धोखाधड़ी के मामलों से सामने आया है।


पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर अधिक मुनाफा मिलने का झांसा देकर शिकायतकर्ता को अपने जाल में फंसाया था। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में कुल 98 लाख 72 हजार 410 रुपये जमा करवाकर उसके साथ धोखाधड़ी की गई।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम में से 24 लाख 75 हजार रुपये नागपुर के जरीपटका स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में ग्रेन गार्डन डिलाइट्स प्राइवेट लिमिटेड के चालू खाते में स्थानांतरित किए गए थे। इस बैंक खाते के आधार पर पुलिस ने आगे की जांच शुरू की।


तकनीकी विश्लेषण और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल से प्राप्त जानकारियों के आधार पर पुलिस ने गिरोह के मुख्य सूत्रधार अमित दिलीपराव काले और उसके दो साथियों रितिक शैलेश धारगावे तथा अनिरुद्ध सतीश उके की पहचान की। इसके बाद दक्षिण साइबर पुलिस की टीम ने 2 नवंबर 2026 को नागपुर में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
■ आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और बैंकिंग सामग्री बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल की जाने वाली कई संदिग्ध और फर्जी सामग्रियां जब्त की हैं। इनमें 11 अलग-अलग बैंक खातों की चेकबुक और पासबुक, 25 विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड, 11 फर्जी कंपनियों की रबर की मुहरें और तीन स्टैंप पैड शामिल हैं।इसके अलावा पुलिस ने डेबिट और एटीएम कार्ड, क्यूआर कोड, फर्जी कंपनियों से संबंधित दस्तावेज तथा पैन कार्ड भी जब्त किए हैं।
पुलिस को आशंका है कि इन बैंक खातों, कंपनियों और दस्तावेजों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग खातों में स्थानांतरित करने तथा धोखाधड़ी के नेटवर्क को संचालित करने के लिए किया जाता था।पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह के अन्य सदस्यों, फर्जी कंपनियों के नेटवर्क, बैंक खातों और ठगी की रकम के लेन-देन से संबंधित जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
दक्षिण साइबर पुलिस की नागरिकों से अपीलइस कार्रवाई के बाद दक्षिण साइबर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनजान मोबाइल नंबरों से आने वाले व्हाट्सऐप संदेशों, शेयर ट्रेडिंग निवेश से जुड़े प्रस्तावों और अधिक मुनाफे का लालच देने वाली योजनाओं पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था के कहने पर शेयर बाजार में पैसे निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की पूरी जांच करें।
-‐–‐——————————–‐———–
मुंबई: डिमैट खाता हैक कर शेयर बेचकर धोखाधड़ी करने वाली महिला आरोपी गिरफ्तार
मुंबई: दक्षिण विभाग साइबर पोलीस ठाणे, गुन्हे शाखा, मुंबई द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एक मामले में शिकायतकर्ता का डिमैट खाता हैक कर उसके शेयर्स बेचकर और उसके बदले कम कीमत के पैनी स्टॉक (Peeny Stock) खरीदकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
घटना का विवरण
- दिनांक 10/08/2026 को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 15:00 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंटरनेट का उपयोग कर शिकायतकर्ता के डिमैट खाते में उनकी अनुमति के बिना प्रवेश किया।
- आरोपी ने यूजर आईडी और पासवर्ड का उपयोग करके कुल 4,58,34,579/- रुपये के शेयर्स बेच दिए और उसके बदले कुल 1,71,60,032/- रुपये कीमत के पैनी स्टॉक खरीदकर शिकायतकर्ता के साथ धोखाधड़ी की।
- इस संबंध में दी गई शिकायत के आधार पर दक्षिण साइबर पोलीस ठाणे गुन्हे शाखा मुंबई में गु.र.क्र ६८/२६ के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शेयर बिक्री के बाद तुरंत 2,86,74,547/- रुपये मूल्य के शेयर्स को फ्रीज (गोठविण्या) कर दिया है।
जांच और गिरफ्तारी
- जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि डिमैट अकाउंट में लॉगिन करने के लिए आने वाला ओटीपी (OTP) शिकायतकर्ता की ईमेल आईडी पर प्राप्त होता था।
- गिरफ्तार महिला आरोपी ने शिकायतकर्ता की ईमेल आईडी का एक्सेस पाने के लिए उससे जुड़े मोबाइल नंबर का अवैध रूप से सिमकार्ड प्राप्त किया। इसके आधार पर डिमैट खाते में प्रवेश कर बिना अनुमति के शेयर बेचकर पैनी स्टॉक खरीदे गए।
- उक्त महिला आरोपी को 03/11/2026 को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पूर्व इतिहास की जांच करने पर पता चला कि उसे पहले भी इसी तरह के अपराधों में गिरफ्तार किया जा चुका है:
- सांताक्रुज पोलीस ठाणे, गु.र.क्र ९५४/२०२५ कलम ३१८(४), ३१९(२), ३(५) भा.न्या.स. सह कलम ४३, ६६, ६६(क), ६६(ड) मा.तं.अधि.
- सांताक्रुज पोलीस ठाणे, गु.र.क्र ८०४/२०२५ कलम ३१८(४), ३१९(२) भा.न्या.स. सह कलम ६६(क), ६६(ड) मा.तं.अधि.
- आझाद मैदान पोलीस ठाणे, गु.र.क्र २५३/२०२५ कलम ३१८(४), ३(५) भा.न्या.स. सह कलम ६६(क), ६६(ड) मा.तं.अधि.
- अंधेरी पोलीस ठाणे गु.र.क्र ७०३/२०२६ ३१८(४), ३१९(२) भा.न्या.स. सह कलम, ६६(क), ६६(ड) मा.तं.अधि.
सह पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त बजरंग बनसोडे, सहायक पुलिस आयुक्त सायरस ईरानी के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नंद कुमार गोपाले की टीम ने की है।
पुलिस ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।पुलिस की इस कार्रवाई से शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले संगठित साइबर अपराध नेटवर्क का खुलासा हुआ है।


