घाटकोपर की 25 मंजिला इमारत में भीषण आग, तीन लोग झुलसे; दो बच्चों समेत तीन अस्पताल में भर्ती।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

घाटकोपर पूर्व के पंतनगर इलाके में शुक्रवार (6 नवंबर) की रात एक 25 मंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इमारत की 23वीं मंजिल पर लगी थी। दमकल विभाग ने शुरुआत में इसे लेवल-1 आग घोषित किया, लेकिन बाद में आग की गंभीरता को देखते हुए लेवल-2 का कॉल जारी किया गया। आग की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के मुंबई अग्निशमन दल (एमएफबी) के कंट्रोल रूम को शुक्रवार रात 8 बजकर 8 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। यह आग घाटकोपर पूर्व के पंतनगर स्थित वल्लभ बाग लेन में कुकरेजा पैलेस इमारत की 23वीं मंजिल पर लगी थी। यह इमारत भूतल के अलावा 25 मंजिलों की है। दमकल विभाग ने रात 8 बजकर 30 मिनट पर इसे लेवल-1 आग घोषित किया। बाद में आग की गंभीरता को देखते हुए लेवल-2 का कॉल जारी किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, संबंधित बिजली वितरण कंपनी, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और बीएमसी के वार्ड कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) से मिली जानकारी के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है और पूरी इमारत को खाली करा लिया गया है। हालांकि, इमारत के भीतर कोई व्यक्ति फंसा तो नहीं है, इसका पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया।इस घटना में साईनाथ आवले (45) नामक व्यक्ति लगभग 27 प्रतिशत झुलस गए। उन्हें राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल के ड्यूटी अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है।इसके अलावा, धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ होने पर निरव लोढ़ाया (34) और राजेश लोढ़ाया (47) को झेनोवा अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टर डॉ. रोजबिन के अनुसार, दोनों की हालत भी स्थिर है।

शुरुआती जानकारी में दो बच्चों के दम घुटने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में अस्पताल से मिली जानकारी में घायल व्यक्तियों के नाम निरव और राजेश लोढ़ाया बताए गए। फिलहाल दमकल विभाग की ओर से आग लगने के कारणों का विस्तृत खुलासा नहीं किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related